
पूर्व-मध्य रेलवे के महाप्रबंधक ने किया लखीसराय स्टेशन का निरीक्षण
- अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत लखीसराय स्टेशन का हो रहा कायाकल्पपूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने किया कार्यों का निरीक्षण
लखीसराय, एक प्रतिनिधि। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत लखीसराय रेलवे स्टेशन पर चल रहे पूनर्विकास एवं नवनिर्माण कार्यों का गुरुवार को पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के वर्तमान महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर बन रहे नवनिर्मित भवन, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा बुनियादी ढांचे से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के क्रम में महाप्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की स्थिति की जानकारी ली और तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है।
इसी दिशा में स्टेशन भवन का आधुनिकीकरण, बेहतर प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, दिव्यांगजनों के लिए सुविधाएं, आधुनिक टिकट काउंटर, प्लेटफार्म शेल्टर, प्रकाश व्यवस्था और सुगम यातायात व्यवस्था विकसित की जा रही है। महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने कहा कि लखीसराय स्टेशन इस क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण रेलवे जंक्शन है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आवागमन करते हैं। ऐसे में स्टेशन का समग्र विकास क्षेत्रीय विकास को भी गति देगा। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान रेलवे के वरीय अधिकारी, इंजीनियरिंग विभाग के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने महाप्रबंधक को बताया कि अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन के स्वरूप को आधुनिक बनाने के साथ-साथ सुरक्षा और स्वच्छता पर भी विशेष फोकस किया जा रहा है। स्थानीय यात्रियों और आम नागरिकों ने भी स्टेशन के विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में लखीसराय स्टेशन एक आधुनिक और सुविधासंपन्न स्टेशन के रूप में उभरेगा, जिससे यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




