वाहनों के रख रखाव और अनुशासन पर जोर, बेहतर चालकों को मिला सम्मान

Newswrap हिन्दुस्तान, लखीसराय
share

लखीसराय में पुलिस एसपी प्रेरणा कुमार ने शनिवार को पुलिस वाहन परेड का निरीक्षण किया। इस परेड का उद्देश्य आपातकालीन स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना था। एसपी ने वाहनों की गहन जांच की और चालकों को उत्कृष्टता के लिए पुरस्कृत किया। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को नियमित वाहन जांच करने के निर्देश भी दिए।

वाहनों के रख रखाव और अनुशासन पर जोर, बेहतर चालकों को मिला सम्मान

लखीसराय, हिन्दुस्तान संवाददाता। पुलिस लाइन परिसर में शनिवार को पुलिस एसपी प्रेरणा कुमार ने वाहन परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान जिले के विभिन्न थाना एवं शाखाओं के पुलिस वाहन निर्धारित अनुशासन के तहत परेड में शामिल हुये। पुलिस की गतिशीलता और आपातकालीन स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परेड का आयोजन किया गया। एसपी ने कहा कि अपराधियों पर लगाम कसने के लिए केवल पुलिस बल का मुस्तैद होना काफी नहीं है बल्कि उनके संसाधनों का भी दुरुस्त भी होना जरुरी है। ​निरीक्षण के दौरान एसपी ने एक-एक कर सभी थानों और पुलिस मुख्यालय से आए वाहनों की गहन जांच की।

उन्होंने केवल बाहरी सफाई ही नहीं बल्कि वाहनों के तकनीकी पहलुओं पर भी विशेष ध्यान दिया। उन्होंने वाहनों की लॉग बुक को बारीकी से देखा इसके साथ ही सभी वाहनों के वैध प्रदूषण प्रमाण पत्र की भी जांच की गई। एसपी ने ड्राइवरों से वाहनों की पिछली सर्विसिंग और वर्तमान स्थिति के बारे में पूछताछ की। उन्होंने निर्देश दिया कि सर्विसिंग रिकॉर्ड को हमेशा अपडेट रखा जाए ताकि गश्ती के दौरान वाहन बीच रास्ते में खराब न हो तथा वाहनों में लगे सायरन, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और लाइट बार की कार्यक्षमता की जांच की गई। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सायरन और संचार उपकरणों की भूमिका अहम होती है अतः इनमें कोई खराबी नहीं होनी चाहिए। वाहन-परेड के दौरान जिन चालकों ने अपने वाहनों को उत्कृष्ट स्थिति में रखा था उकी एसपी ने सराहना की। साफ सफाई, अनुशासित रखरखाव और लॉग-बुक के सटीक संधारण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले चालकों को मौके पर ही पुरस्कृत किया गया। एसपी ने कहा कि यह पुरस्कार अन्य चालकों के लिए एक प्रोत्साहन की तरह है ताकि वे अपने सरकारी वाहनों को निजी संपत्ति की तरह सहेज कर रखें।​ निरीक्षण के दौरान जिन वाहनों में सफाई की कमी या दस्तावेजों में त्रुटि पाई गई उनके चालकों और संबंधित प्रभारियों को एसपी ने कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस के वाहन जिले की सुरक्षा की रीढ़ हैं। यदि वाहन का रखरखाव सही नहीं होगा तो समय पर अपराध स्थल पर पहुंचना संभव नहीं हो पाएगा। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे सप्ताह में कम से कम एक बार अपने स्तर पर वाहनों की जांच सुनिश्चित करें। इस अवसर पर जिले के कई पुलिस पदाधिकारी और पुलिस केंद्र के सार्जेंट मेजर सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।