Lakhisarai News: विधि-व्यवस्था पर डीएम सख्त, लंबित वारंट और कुर्की की कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश
Lakhisarai News: लखीसराय में जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में विधि-व्यवस्था और जिला स्तरीय निगरानी समिति के कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को लंबित गिरफ्तारी वारंटों, फरार अभियुक्तों और कुर्की-जप्ती की कार्रवाई में तेजी लाने को कहा गया। रद्द शस्त्र लाइसेंस, अवैध हथियारों, विस्फोटकों और निर्वाचन संबंधी मामलों की भी समीक्षा हुई। डीएम ने बंद थानों के सीसीटीवी कैमरे अविलंब चालू कराने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Lakhisarai News:
लखीसराय, एक प्रतिनिधि। जिले में विधि-व्यवस्था को दुरुस्त रखने और आपराधिक मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विधि-व्यवस्था की स्थिति के साथ जिला स्तरीय निगरानी समिति (डीएलओसी) के कार्यों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान लंबित गिरफ्तारी वारंट, कुर्की-जप्ती की कार्रवाई और गंभीर आपराधिक मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। बैठक में गंभीर आपराधिक कांडों में दर्ज मामलों और निष्पादित कांडों की स्थिति की समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को लंबित गिरफ्तारी वारंटों का शीघ्र निष्पादन करने, फरार अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा कुर्की-जप्ती की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विभिन्न मामलों में की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि लंबित कांडों का समय पर निष्पादन हो सके।
शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियारों की समीक्षा
------
रद्द शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियारों की बरामदगी की समीक्षा:
बैठक में रद्द किए गए शस्त्र लाइसेंस, अवैध हथियारों एवं विस्फोटकों की बरामदगी और निर्वाचन संबंधी अपराधों में दर्ज कांडों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई समय-सीमा के भीतर पूरी करने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।
------------
थानों में सीसीटीवी कैमरे चालू कराने का निर्देश
थानों के सीसीटीवी कैमरे अविलंब चालू कराएं:
जिले के विभिन्न थानों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की समीक्षा के दौरान डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन थानों में कैमरे बंद हैं, उन्हें अविलंब चालू कराया जाए। साथ ही कैमरों के सुचारु संचालन और नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने कहा कि जिले में शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम करें और लंबित मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता राहुल कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, एसडीपीओ शिवम कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

