नाबालिग वाहन चालक पर लगाया 25 हजार जुर्माना
- विद्यापीठ से बड़ी दुर्गा स्थान तक प्रशासन का पैदल मार्च नाबालिग वाहन चालक पर 25 हजार का चालान

लखीसराय, एक प्रतिनिधि। शहर में जाम की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान डीटीओ, ईओ, एमवीआई तथा पुलिस बल के साथ विद्यापीठ से लेकर बड़ी दुर्गा स्थान तक पैदल मार्च किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी से पूरे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति देखी गई और अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में त्वरित कार्रवाई की गई। पैदल मार्च के दौरान सड़क किनारे अवैध और अव्यवस्थित रूप से खड़ी गाड़ियों को हटवाया गया। कई स्थानों पर सड़क पर ही पार्किंग कर दिए जाने के कारण आम लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखा जाए ताकि यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके। इसके साथ ही फल और सब्जी विक्रेताओं को भी सख्त हिदायत दी गई कि वे सड़क पर दुकान न लगाएं और निर्धारित स्थान पर ही अपना व्यवसाय करें। अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न होती है, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और आम नागरिकों को परेशानी होती है। विद्यापीठ चौक पर परिवहन विभाग की टीम द्वारा सघन वाहन जांच अभियान भी चलाया गया। जांच के दौरान एक नाबालिग द्वारा दोपहिया वाहन चलाते पकड़े जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत 25,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें, क्योंकि यह न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि दुर्घटनाओं का बड़ा कारण भी बन सकता है। प्रशासन ने लोगों से अनुरोध किया है कि इस अभियान का व्यापक प्रसार-प्रचार किया जाए, ताकि लोगों में जागरूकता बढ़े और नाबालिग वाहन संचालन पर रोक लग सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


