केन्द्रीय विद्यालय लखीसराय में नामांकन प्रक्रिया शुरू, 700 फॉर्म वितरित
केन्द्रीय विद्यालय लखीसराय में नामांकन प्रक्रिया शुरू, 700 फॉर्म वितरित

लखीसराय एक प्रतिनिधि । केन्द्रीय विद्यालय लखीसराय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विद्यालय प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार कक्षा 2 से 9 तक नामांकन पूरी तरह ऑफलाइन माध्यम से किया जा रहा है। शनिवार तक कुल 700 आवेदन फॉर्म अभिभावकों के बीच वितरित किए जा चुके हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार नामांकन के लिए आवेदन प्रक्रिया 8 अप्रैल 2026 तक जारी रहेगी। अभिभावक अपने बच्चों के नामांकन के लिए प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक विद्यालय परिसर पहुंचकर आवेदन फॉर्म प्राप्त और जमा कर रहे हैं। इस दौरान विद्यालय प्रशासन की ओर से अभिभावकों को नामांकन से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी और दिशा-निर्देश भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।विद्यालय
प्रशासन ने बताया कि कक्षा 2, 3, 4, 5, 6 एवं 9 में सीमित सीटें उपलब्ध हैं, जिसके कारण अभ्यर्थियों का चयन निर्धारित मापदंडों के आधार पर किया जाएगा। आवेदन पत्र जमा करने के बाद सभी अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।इसके बाद चयनित विद्यार्थियों की सूची 13 अप्रैल 2026 को विद्यालय परिसर में प्रकाशित की जाएगी। चयन सूची जारी होने के उपरांत अभिभावकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर नामांकन की अगली प्रक्रिया पूरी करनी होगी।विद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नामांकन फॉर्म पूरी तरह निःशुल्क है और इसके लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जा रहा है। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से और निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित की जा रही है। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें।विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सह जिला पदाधिकारी, लखीसराय ने अभिभावकों से निर्धारित तिथि और समय का पालन करने की अपील की है। वहीं विद्यालय के प्राचार्य एच.एस. मीणा ने बताया कि सभी इच्छुक अभिभावकों को निःशुल्क फॉर्म उपलब्ध कराया जा रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


