Lakhisarai News: दुर्गा पूजा में तीन प्रमुख मार्गों से बाजार में वाहनों के प्रवेश पर रोक, आज से लागू होगी व्यवस्था
Lakhisarai News: - बेल भरनी जुलूस से लेकर विसर्जन तक बदलेगा ट्रैफिक रूटदुर्गा पूजा में तीन प्रमुख मार्गों से बाजार में वाहनों के प्रवेश पर रोक, 17 अक्टूबर से लागू होगी

Lakhisarai News: लखीसराय, एक प्रतिनिधि। दुर्गा पूजा महोत्सव 2026 के दौरान शहर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। बेल भरनी जुलूस से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने यातायात प्रबंधन को लेकर आदेश जारी किया है। एसडीएम प्रभाकर कुमार ने बताया कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था की गई है। प्रशासन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, 17 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक अलग-अलग तिथियों और समय के अनुसार यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा। इस दौरान मुख्य बाजार, पुरानी बाजार और चितरंजन रोड की ओर जाने वाले वाहनों को निर्धारित मार्गों पर रोका जाएगा। इसका उद्देश्य बेल भरनी जुलूस, पूजा पंडालों में उमड़ने वाली भीड़ और प्रतिमा विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखना है।
--------
प्रतिबंधित मार्ग
इन मार्गों पर वाहनों का प्रवेश रहेगा बंद:
प्रशासन के निर्देश के अनुसार, जमुई मोड़ से मुख्य बाजार की ओर चार पहिया और अन्य छोटे-बड़े वाहनों का प्रवेश निषिद्ध रहेगा। बाईपास स्थित मंडल कारा मोड़ से परिया पोखर, जमुई मोड़ और बाजार की ओर भी वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा। इसी तरह पचना रोड बाईपास से मुख्य बाजार की ओर तथा विद्यापीठ चौक से मुख्य बाजार, पुरानी बाजार और चितरंजन रोड की ओर वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
-------
प्रतिबंध की तिथियां और समय
तीन चरणों में लागू होगी व्यवस्था:
जारी आदेश के अनुसार, 17 अक्टूबर को सप्तमी के अवसर पर अपराह्न तीन बजे से यातायात प्रतिबंध लागू होगा। 18 अक्टूबर को अष्टमी के दिन भी अपराह्न तीन बजे से व्यवस्था प्रभावी रहेगी। वहीं, 19 अक्टूबर को नवमी के दिन दोपहर 12 बजे से लेकर 21 अक्टूबर को एकादशी के अवसर पर प्रतिमा विसर्जन की अवधि समाप्त होने तक प्रतिबंध लागू रहेगा।
-------
आवश्यक सेवाओं को छूट
आवश्यक सेवाओं को मिलेगी छूट:
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित मार्गों पर आपातकालीन एवं आवश्यक सेवाओं के वाहनों का परिचालन जारी रहेगा। इनमें प्रशासनिक वाहन, पुलिस वाहन, दूध वाहन, एंबुलेंस, पेट्रोल-डीजल आपूर्ति करने वाले वाहन और अग्निशमन वाहन शामिल हैं। आवश्यकतानुसार दोपहिया वाहनों के परिचालन की भी अनुमति दी जा सकेगी। जिलाधिकारी ने दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यातायात व्यवस्था का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।


