
सदर अस्पताल में एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित
- कालाजार प्रोग्राम के लिए तैयार किया जाएगा डोजियरकालाजार प्रोग्राम के लिए तैयार किया जाएगा डोजियर,
लखीसराय, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। जिले में कालाजार उन्मूलन कार्यक्रम के तहत किए गए कार्यों की समीक्षा और दस्तावेजीकरण को व्यवस्थित रूप से प्रस्तुत करने के लिए डोजियर तैयार किया जाएगा। इसी उद्देश्य से सदर अस्पताल के सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों से एक-एक स्वास्थ्यकर्मी ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. राकेश कुमार ने की। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह में सेंट्रल टीम जिले का दौरा करेगी, जिसके लिए कालाजार डोजियर से संबंधित सभी कार्य समय पर पूरा कर लेना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि 2018 से 2025 तक जिले में कालाजार उन्मूलन के लिए किए गए सभी प्रयासों, गतिविधियों और उपलब्धियों का ब्योरा निर्धारित फॉर्मेट में संकलित किया जाएगा। इसी के आधार पर जिले की प्रगति का मूल्यांकन होगा। डॉ. राकेश कुमार ने आगामी फरवरी माह में आयोजित होने वाले सर्वजन-दवा सेवन अभियान की तैयारियों पर भी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र को माइक्रो प्लान के अनुसार तैयारी करनी होगी, ताकि अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया जा सके।प्रशिक्षण जिला वेक्टर जनित रोग सलाहकार नरेन्द्र कुमार द्वारा दिया गया। उन्होंने बताया कि कालाजार डोजियर की तैयारी में सभी दस्तावेज, रिपोर्ट, मैप, निगरानी विवरण तथा छिड़काव से जुड़े रिकॉर्ड को सही रूप में उपलब्ध कराना होगा। उन्होंने कहा कि 2027 तक कालाजार उन्मूलन का लक्ष्य निर्धारित है और इसके लिए समय-समय पर घरों में छिड़काव, नियमित जांच और इलाज की उपलब्धता सुनिश्चित की जाती है। उन्होंने बताया कि कालाजार के प्रमुख लक्षणों में लगातार बुखार, वजन कम होना, एनीमिया और लीवर में सूजन शामिल हैं। जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित सदर अस्पताल में कालाजार का निःशुल्क उपचार उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। प्रशिक्षण में बीडीसीओ भगवानदास, शालिनी कुमारी, पिरामल संस्था से ललिता कुमारी, बीबीडीएस विनोद कुमार और दिलीप कुमार मालाकार सहित कई स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


