
नामांकन संपन्न, अंतिम दिन 19 प्रत्याशियों ने भरा पर्चा
लखीसराय के दो विधानसभा क्षेत्रों लखीसराय और सूर्यगढ़ा में 2025 के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार को शांति से संपन्न हुई। कुल 19 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। सुरक्षा के सख्त...
लखीसराय, एक प्रतिनिधि। लखीसराय के दो विधानसभा क्षेत्र लखीसराय व सूर्यगढ़ा में विधानसभा चुनाव 2025 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार को शाम 3 बजे शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गई। अंतिम दिन नामांकन कराने के लिए सुबह से ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भारी भीड़ अनुमंडल कार्यालय परिसर में उमड़ पड़ी। जिले की दोनों विधानसभा सीटों लखीसराय और सूर्यगढ़ा के लिए कुल 19 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। लखीसराय विधानसभा क्षेत्र के लिए नामांकन पत्रों की जांच एसडीएम प्रभाकर कुमार ने की, जबकि सूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्र में नामांकन प्रक्रिया की जिम्मेदारी डीसीएलआर राहुल कुमार के पास रही। नामांकन के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था सख्त और सतर्क रही।

पुलिस की कड़ी निगरानी में प्रत्याशी एक-एक कर अपने समर्थकों के साथ पर्चा दाखिल करने पहुंचे। पुलिस छावनी में तब्दिल दिखा एसडीओ कार्यालय नामांकन स्थल पर सुरक्षा की दृष्टि से पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। थाना प्रभारी, यातायात इंस्पेक्टर रोहित कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं जवान तैनात रहे। मुख्य द्वार से लेकर अनुमंडल कार्यालय के गेट तक बैरिकेडिंग लगाई गई थी ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। बावजूद इसके, नामांकन के अंतिम दिन माहौल गहमागहमी से भरा रहा। कई समर्थक अपने प्रत्याशी को माला पहनाने और नारे लगाने के लिए उत्साहित नजर आए, लेकिन पुलिस ने सख्ती से आचार संहिता का पालन सुनिश्चित कराया। अधिकारियों ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हुई और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं घटी। प्रशासन ने सभी प्रत्याशियों से चुनाव आचार संहिता का पालन करने की अपील की है। अंतिम दिन इन्होंने कराया नामांकन लखीसराय विधानसभा से नामांकन करने वाले प्रत्याशियों में सुबोध कुमार सुमन निर्दलीय, अमरेश कुमार निर्दलीय, कूषो महतो राष्ट्रीय लोकचेतना पार्टी, प्रबाल कुमार बहुजन समाज पार्टी (बसपा), कलेश्वरी उर्फ कैलू देवी लोजिया जनतादल, राजीव रंजन राय राष्ट्रीय लोकतांत्रिक जनशक्ति पार्टी, सूरज कुमार जनसुराज पार्टी, उमाशंकर यादव विकास योग्य पार्टी, रामजी मंडल समता पार्टी, विजय कुमार निर्दलीय, सुजीत कुमार निर्दलीय शामिल हैं। वहीं सूर्यगढ़ा विधानसभा से रविशंकर प्रसाद सिंह अशोक निर्दलीय, प्रणय कुमार निर्दलीय, प्रेम सागर चौधरी राष्ट्रीय जनता दल (राजद), रविंद्र कुमार दास बहुजन समाज पार्टी (बसपा), श्रवण कुमार आनंद समता पार्टी, रविशंकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दर्ज कराया। इस तरह जिले की दोनों विधानसभा सीटों पर कुल 19 प्रत्याशियों ने अपनी दावेदारी पेश की है। अब अगले चरण में नामांकन पत्रों की जांच और फिर नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। प्रशासन ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान शांति बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था और सीसीटीवी से भी निगरानी की गई। भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में भी अस्थायी बदलाव किए गए थे। एसडीएम प्रभाकर कुमार ने बताया कि चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है, और प्रशासन का लक्ष्य इसे निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराना है। उन्होंने प्रत्याशियों और समर्थकों से आग्रह किया कि वे शालीनता और अनुशासन का परिचय देते हुए निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग करें। नामांकन प्रक्रिया के सफलतापूर्वक संपन्न होने के साथ ही जिले में अब चुनावी माहौल और भी तेज हो गया है। सभी दलों के प्रत्याशी और निर्दलीय उम्मीदवार प्रचार रणनीति बनाने में जुट गए हैं। आने वाले दिनों में लखीसराय और सूर्यगढ़ा की सियासत में दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




