मां काली मंदिर निर्माण को लेकर भूमि पूजन, महाप्रसाद वितरण
लखीसराय के धर्मरायचक में मां काली मंदिर के निर्माण के लिए बैठक हुई। सभी सदस्यों ने भूमि पूजन कर निर्माण कार्य शुरू करने का निर्णय लिया। शनिवार को पूजा-अर्चना के बाद मंदिर निर्माण की शुरुआत हुई। ग्रामीणों ने इस अवसर पर महाप्रसाद का वितरण किया और मंदिर निर्माण से क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई।

लखीसराय, एक प्रतिनिधि। शहर के पुरानी बाजार स्थित धर्मरायचक, वार्ड संख्या 7 में मां काली मंदिर निर्माण को लेकर शुक्रवार की देर रात मंदिर निर्माण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के सभी सदस्य एवं स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। बैठक के दौरान मंदिर निर्माण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शनिवार को विधिवत भूमि पूजन कर मंदिर निर्माण कार्य की शुरुआत की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार को प्रातः मंदिर स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई।
इसके उपरांत भूमि पूजन की रश्म पूरी की गई और मंदिर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। श्रद्धा और भक्ति के माहौल में पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस विशेष अवसर पर महाप्रसाद का भी वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे मंदिर प्रांगण में एकत्र होकर पूजा में शामिल हुए तथा प्रसाद ग्रहण कर स्वयं को पुण्य का भागी बनाया। ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर निर्माण से क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा आपसी भाईचारा और एकता मजबूत होगी। मंदिर निर्माण समिति के सदस्यों ने कहा कि सभी के सहयोग से यह कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे आगे भी मंदिर निर्माण में तन, मन और धन से सहयोग दें, ताकि मां काली का भव्य मंदिर शीघ्र आकार ले सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



