
सुरमयी शाम के साथ आर्ट एंड कल्चरल सोसायटी की हुई शुरुआत
बड़हिया में शिक्षक दिवस के अवसर पर अभिनीति बिहार आर्ट एंड कल्चरल सोसायटी का शुभारंभ हुआ। इस संस्थान का उद्देश्य बड़हिया की सांस्कृतिक धरोहर को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में डॉ अभय कुमार सुमन और किशन...
बड़हिया,एक संवाददाता। नगर के जगदंबा पथ में स्थित शनि देव मंदिर के सामने शुक्रवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर अभिनीति बिहार आर्ट एंड कल्चरल सोसायटी का शुभारंभ किया गया। इस संस्थान की नींव बड़हिया के कुछ प्रतिभावान युवाओं ने प्रज्ञा एजुकेशन सेंटर के सहयोग से रखी। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसका उद्घाटन दूरदर्शन के बड़े कलाकार एवं संगीतज्ञ डॉ अभय कुमार सुमन, पंकज भारद्वाज, नरेश कुमार, उमाशंकर सिंह, चंदन कश्यप एवं वार्ड पार्षद अमित शंकर ने संयुक्त रूप से किया। तदुपरांत डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया गया। स्वर साधना गुरुकुल की छात्राएं मुस्कान, निधि, जानवी और आराध्या ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर माहौल को संगीतमय बना दिया।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि टीवी शो सुर संग्राम के विजेता एवं बड़हिया के लाल किशन चंद्रवंशी की उपस्थिति ने उत्साह बढ़ा दिया। आयोजक मंडल के युवाओं ने बताया कि इस संस्थान का मुख्य उद्देश्य बड़हिया की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को नई ऊंचाइयों तक ले जाना है। संस्थान में 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं की प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें संगीत, नृत्य, कला, पेंटिंग समेत विभिन्न विधाओं में तराशने और मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा। युवाओं के इस प्रयास का बताते हुए अंकित राज एवं राजा कुमार ने कहा कि विषयक ज्ञान के साथ कला व संस्कृति में छिपी प्रतिभाओं को निखारना ही सच्चे अर्थों में बड़हिया की विरासत को संवारना है। उन्होंने बताया कि इस संस्थान के माध्यम से बच्चों की प्रतिभाओं को सार्वजनिक मंच पर प्रस्तुत कर समाज से सीधा मूल्यांकन करवाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान स्वर साधना गुरुकुल से जुड़े बच्चों को मोमेंटो भेंट कर प्रोत्साहित किया गया। वहीं, नौ वर्षीय अभिनव और 13 वर्षीय काजल की बनाई गई पेंटिंग्स की आर्ट गैलरी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। देर शाम तक चले इस आयोजन में किशन चंद्रवंशी समेत कई संगीतज्ञों ने सुरमयी प्रस्तुतियां दी। डॉ अभय कुमार सुमन ने इस मौके पर कहा कि बड़हिया की धरती प्रतिभाओं की उर्वरा भूमि है, बस जरूरत है उन्हें पहचानने और निखारने की। इसमें हमारा हर संभव सहयोग रहेगा। कार्यक्रम का संचालन चंदन कश्यप ने किया। इस अवसर पर रामप्रवेश कुमार, रामजी सिंह, संजय कुमार, राहुल कुमार, सृष्टि भारती, मधु जोशी, गुड्डू कुमार, कन्हैया कुमार समेत बड़ी संख्या में अभिभावक और ग्रामीण उपस्थित थे। फोटो संख्या- 15 - सुरमयी शाम के बीच प्रस्तुति देते प्रतिभावान बच्चे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


