अभियान के बावजूद नहीं थम रहा अतिक्रमण, होली के बाद सख्त कार्रवाई के संकेत

Mar 01, 2026 12:40 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, लखीसराय
share Share
Follow Us on

लखीसराय में अतिक्रमण हटाओ अभियान के बावजूद फुटपाथों पर अवैध कब्जा जारी है। नगर परिषद की टीम ने दुकानदारों को समझाया और फुटपाथ खाली कराने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण कार्रवाई प्रभावी नहीं हो सकी। स्थानीय लोग सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

अभियान के बावजूद नहीं थम रहा अतिक्रमण, होली के बाद सख्त कार्रवाई के संकेत

लखीसराय, एक प्रतिनिधि। शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के बावजूद फुटपाथों पर अवैध कब्जा थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को नगर परिषद की टीम ने शहर के विभिन्न बाजार क्षेत्रों में पहुंचकर दुकानदारों को समझाने और फुटपाथ खाली कराने का प्रयास किया, लेकिन अभियान का अपेक्षित असर देखने को नहीं मिला। नगर परिषद कर्मी सूरज कुमार, वीरेंद्र कुमार सहित अन्य कर्मचारियों ने दुकानों के आगे जाकर फुटपाथ से सामान हटाने की अपील की। उन्होंने दुकानदारों से कहा कि आम लोगों की आवाजाही में परेशानी हो रही है और जाम की समस्या लगातार बढ़ रही है। कर्मियों ने तार लगाकर और मौखिक रूप से समझाते हुए अतिक्रमण हटाने को कहा, लेकिन पुलिस बल और वरीय पदाधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण कार्रवाई प्रभावी नहीं हो सकी।

अभियान के दौरान कई दुकानदारों ने औपचारिकता निभाते हुए एक-दो टोकरी या सामान हटाया, लेकिन जैसे ही टीम आगे बढ़ी, वे पुनः उसी स्थान पर दुकान सजा लेते थे। इस कारण अतिक्रमण की समस्या जस की तस बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्थायी समाधान के लिए सख्त कार्रवाई आवश्यक है, अन्यथा फुटपाथ पूरी तरह अतिक्रमित होते जाएंगे। इस संबंध में नगर परिषद पदाधिकारी प्रभात रंजन ने कहा कि अभी चेतावनी और जागरूकता के तहत अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि होली पर्व के बाद बृहद स्तर पर विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसमें पुलिस बल की मौजूदगी में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नगर परिषद ने दुकानदारों से स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की है, ताकि दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।