
मेले की आड़ में चल रहा जुए का खेल, पुलिस कार्रवाई नहीं होने से बढ़ा मनोबल
लखीसराय के लाली पहाड़ी पर लगे मेले में 'एक लगाओ करोड़ पाओ' जैसे खेलों के नाम पर खुलेआम जुआ हो रहा है। कई दुकानें युवाओं को आकर्षित कर रही हैं, जबकि पुलिस की अनुपस्थिति से जुआ खेलने वालों का मनोबल बढ़ रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से अवैध जुए पर कार्रवाई की मांग की है।
लखीसराय, एक प्रतिनिधि। शहर के लाली पहाड़ी पर लकी कूपन “एक लगाओ करोड़ पाओ” जैसे खेलों के नाम पर बाजार समिति के मैदान में लगे मेले में खुलेआम जुआ का खेल चल रहा है। मेले में दर्जनों ऐसी दुकानें संचालित होती दिखीं, जहां युवाओं की भारी भीड़ जुआ खेलने के लिए लगी रही। खास बात यह रही कि जुए के इस खुले खेल पर पुलिस प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण जुआ खेलने वालों और संचालकों का मनोबल लगातार बढ़ता रहा। स्थानीय लोगों के अनुसार, मेले में लगाए गए कई स्टॉल पर लकी कूपन, नंबर गेम और “एक लगाओ, दोगुना पाओ” जैसे खेलों के माध्यम से युवाओं को आकर्षित किया जा रहा है।
इन दुकानों पर सुबह से देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी रही। बड़ी संख्या में युवा यहां पैसे लगाकर किस्मत आजमाते नजर आए। बताया जा रहा है कि कई बार जीत-हार को लेकर खिलाड़ियों और संचालकों के बीच कहासुनी और विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हुई, लेकिन पुलिस की अनुपस्थिति या निष्क्रियता के कारण ऐसे मामलों में कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। मेले में मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि विवाद की स्थिति बनने पर पुलिस के बजाय आसपास मौजूद लोगों ने ही हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। इससे जुआ संचालकों के हौसले और बुलंद होते जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन सख्त कदम नहीं उठाता है तो कभी भी मेले के दौरान कोई बड़ी घटना भी घट सकती है। मेले में सुई से लेकर घरेलू सामान, खिलौने, झूले और खान-पान की दुकानें तो हैं ही, लेकिन जुए की दुकानों की भरमार ने मेले के माहौल को खराब कर दिया है। अभिभावकों और सामाजिक लोगों में इसे लेकर नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि ऐसे आयोजनों में जुए जैसी गतिविधियों पर रोक लगनी चाहिए, ताकि युवा गलत दिशा में न जाएं। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि मेले में चल रहे अवैध जुए पर तत्काल कार्रवाई की जाए और दोषी संचालकों पर सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि मेला सुरक्षित और पारिवारिक माहौल में संपन्न हो सके। कोट- मेले की आड़ में जुआ खेलने की सूचना मिली है। सूचना के सत्यापन व कार्रवाई के लिए पुलिस की टीम को भेजा जा रहा है। इस मामले को गंभीरता से सलेते हुए अवैध कार्य के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अमित कुमार, थानाध्यक्ष, कबैया थाना।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




