Lakhisarai News: मनसिंघा पइन की सफाई न होने से सड़कों और घरों में घुसा गंदा पानी, विधायक आवास पहुंचीं महिलाएं
Lakhisarai News: लखीसराय नगर परिषद क्षेत्र में मानसून से पूर्व जल निकासी की खामियां उजागर हुई हैं। मुख्यतः मनसिंघा पइन की सफाई न होने से कई वार्डों में जलजमाव हुआ है। वार्ड 24 और 28 के ऐतिहासिक मंदिर क्षेत्र में बुरा हाल है, स्थानीय नागरिकों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

Lakhisarai News: लखीसराय, हिन्दुस्तान संवाददाता। नगर परिषद क्षेत्र में मानसून से पूर्व की जाने वाली तैयारियों और जल निकासी के दावों की पोल एक बार फिर खुल गई है। मुख्य रूप से मनसिंघा पइन की समय पर साफ सफाई न होने के कारण शहर के कई हिस्सों में नारकीय स्थिति उत्पन्न हो गई है। वार्ड संख्या 24 और 28 स्थित ऐतिहासिक अष्टघटी मंदिर के समीप नाले का काला व बदबूदार पानी सड़कों पर उफान मार रहा है। मंदिर परिसर के मुख्य मार्ग पर गंदे पानी का भराव होने से न केवल स्थानीय नागरिकों और राहगीरों का चलना दुश्वार हो गया है बल्कि मंदिर में पूजा अर्चना करने आने वाले श्रद्धालुओं की मुश्किलें भी बेहद बढ़ गई हैं। आस्था के केंद्र के समीप जमा यह दूषित पानी नगर परिषद के दावों का मुंह चिढ़ा रहा है।
दर्जनों वार्डों में घुसा बारिश और नाले का पानी, लोग बेहाल:
नगर परिषद की बदहाल जलनिकासी व्यवस्था का खामियाजा केवल दो वार्डों तक सीमित नहीं है। शहर के वार्ड संख्या 2, 19, 21, 25, 26 और 31 सहित कई अन्य इलाकों में भी भारी जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। बारिश और नालों का दूषित पानी लोगों के आंगनों और कमरों तक में प्रवेश कर गया है। गंदे पानी का ठहराव होने से संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका से स्थानीय निवासी दहशत में हैं। दैनिक दिनचर्या पूरी तरह अस्त व्यस्त हो चुकी है और लोग अपने ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं।
सूर्यगढ़ा विधायक के आवास पर पहुंचीं आक्रोशित महिलाएं:
नगर परिषद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न होते देख लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। जलनिकासी की गंभीर समस्या से आजिज आकर वार्ड संख्या 19 की दर्जनों महिलाओं ने सूर्यगढ़ा के विधायक रामानंद मंडल के आवास पर पहुंचकर समस्या के समाधान की मांग की। महिलाओं ने हाथ जोड़कर और अपनी पीड़ा बयां करते हुए जल्द से जल्द जलजमाव से मुक्ति दिलाने की गुहार लगाई। महिलाओं का कहना था कि कई दिनों से घरों में पानी घुसा हुआ है जिससे खाना बनाने से लेकर बच्चों और बुजुर्गों की देखभाल करना भी दूभर हो गया है। महिलाओं की समस्याएं सुनने के बाद सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल ने उन्हें ढांढस बंधाया और आश्वस्त किया कि वे इस संबंध में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी और जिला प्रशासन से बात कर त्वरित कदम उठाएंगे। विधायक ने कहा कि पंप सेट लगाकर तुरंत पानी निकालने की व्यवस्था की जाएगी और मनसिंघा पइन की उड़ाही का काम प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा ताकि भविष्य में यह समस्या दोबारा न उपजे。


