
अशोक धाम मंदिर में भीड़ से लगा जाम, तीन घंटे बाद यातायात बहाल
लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में नए साल के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पुलिस प्रशासन की अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था के कारण मंदिर के आसपास जाम लग गया, जिससे भक्तों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। तीन घंटे की मेहनत के बाद पुलिस ने जाम हटाया, लेकिन भक्तों की आस्था पर इसका असर नहीं हुआ।
लखीसराय, एक प्रतिनिधि। एक जनवरी को नये वर्ष के अवसर पर अशोक धाम मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हालांकि आस्था और श्रद्धा के इस पर्व पर पुलिस प्रशासन की पर्याप्त यातायात व्यवस्था नहीं रहने के कारण मंदिर के आसपास वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। जाम के कारण श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह से ही मंदिर में जलाभिषेक और दर्शन के लिए लोगों का आना-जाना शुरू हो गया था। जैसे-जैसे दिन बढ़ता गया, श्रद्धालुओं और वाहनों की संख्या में इजाफा होता गया, लेकिन यातायात को नियंत्रित करने के लिए प्रारंभिक तौर पर पुलिस की मौजूदगी न के बराबर दिखी।
नतीजतन मुख्य सड़क और मंदिर के आसपास की सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोग घंटों जाम में फंसे रहे। स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोगों ने यातायात डीएसपी सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। यातायात डीएसपी के निर्देश पर पुलिस पदाधिकारियों की एक टीम मौके पर पहुंची। इसके अलावा टाउन थाना से भी पुलिस बल को बुलाया गया। पुलिस ने जाम हटाने के लिए एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू की और अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों को हटाने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस को किसी तरह जाम हटाने में सफलता मिली और यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका। हालांकि इस दौरान जिला पुलिस लाइन से लगाए गए कुछ पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहने के बावजूद सक्रिय भूमिका में नजर नहीं आए, जिससे लोगों में नाराजगी भी देखी गई। जाम के कारण मंदिर परिसर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई श्रद्धालु देर तक वाहनों में फंसे रहे, फिर भी उनकी आस्था पर इसका कोई असर नहीं दिखा। भक्तों का कहना था कि बाबा भोलेनाथ के दर्शन के आगे जाम और परेशानियां कोई मायने नहीं रखतीं। कुल मिलाकर नए साल के मौके पर अशोक धाम में भक्ति के साथ-साथ अव्यवस्था की तस्वीर भी सामने आई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




