होली को लेकर बाजार में उमड़ी खरीदारों की भीड़, मेले जैसा दिखा नजारा

Mar 03, 2026 12:38 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, लखीसराय
share Share
Follow Us on

- कपड़े, रंग-गुलाल और पिचकारी की दुकानों पर दिनभर रही चहल-पहलसिपाही प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षु सिपाहियों को आँसू गैस दागने का प्रशिक्षण

होली को लेकर बाजार में उमड़ी खरीदारों की भीड़, मेले जैसा दिखा नजारा

लखीसराय, कार्यालय संवाददाता। होली पर्व नजदीक आते ही शहर के बाजारों में रौनक चरम पर पहुंच गई है। सुबह से लेकर देर शाम तक कपड़े की दुकानों, रंग-गुलाल, पिचकारी और होली से जुड़े अन्य सामानों की दुकानों पर खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है। बाजार का नजारा किसी मेले से कम नहीं दिख रहा है। हर तरफ रंग-बिरंगे गुलाल, आकर्षक पिचकारियां और नए-नए परिधानों की खरीदारी में लोग जुटे नजर आ रहे हैं। सबसे अधिक भीड़ कपड़े की दुकानों में देखी जा रही है। पुरुषों के लिए कुर्ता-पायजामा, युवाओं के लिए ट्रेंडी टी-शर्ट और जींस, वहीं महिलाओं के लिए सूट, साड़ी और बच्चों के लिए फ्रॉक व रंग-बिरंगे परिधानों की जमकर खरीदारी हो रही है।

दुकानदारों के अनुसार इस बार होली पर पारंपरिक परिधानों की मांग अधिक है। सफेद कुर्ता-पायजामा और हल्के रंग के सूट लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं, ताकि होली के रंगों का असली आनंद लिया जा सके। रंग-गुलाल की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ देखी जा रही है। बाजार में इस बार हर्बल गुलाल और प्राकृतिक रंगों की मांग अधिक बढ़ी है। कई खरीदारों ने बताया कि वे केमिकल युक्त रंगों से परहेज कर रहे हैं, क्योंकि इससे त्वचा और आंखों को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है। दुकानदारों ने भी ग्राहकों की मांग को देखते हुए हर्बल और त्वचा के अनुकूल रंगों का पर्याप्त स्टॉक मंगाया है। गुलाबी, हरा, पीला और नीला रंग विशेष रूप से लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। बच्चों के बीच पिचकारी को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। खासकर बंदूक वाली पिचकारी और बड़े आकार की टैंक वाली पिचकारी की मांग सबसे अधिक है। सुपरहीरो और कार्टून थीम वाली पिचकारियां बच्चों को खूब लुभा रही हैं। छोटे बच्चों के लिए हल्की और रंगीन पिचकारियां उपलब्ध हैं, जबकि बड़े बच्चे ज्यादा पानी स्टोर करने वाली पिचकारियों की खरीदारी कर रहे हैं। कई दुकानों पर 20 रुपये से लेकर 1500 रुपये तक की पिचकारियां बिक रही हैं। खरीदारों की भीड़ के कारण बाजार में दिनभर चहल-पहल बनी रही। मिठाई की दुकानों पर भी लोग होली के लिए विशेष पकवान और उपहार पैक खरीदते दिखे। यातायात पर भी इसका असर देखा गया और कई जगहों पर हल्की जाम की स्थिति बनी रही। दुकानदारों का कहना है कि इस बार बिक्री पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर हो रही है। होली को लेकर लोगों में खासा उत्साह है और अंतिम दिनों में भीड़ और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। कुल मिलाकर होली का रंग बाजारों में अभी से पूरी तरह चढ़ चुका है और चारों ओर उत्सव का माहौल नजर आ रहा है। वहीं बाजार में आज कचड़ी-फुलौड़ी बनाने के लिए सब्जी की दुकान पर भी भारी भीड़ देखने को मिली। लोगों ने चना, मटर, बैंगन, प्याज आदि की खरीदारी कचड़ी-फुलौड़ी बनाने के लिए भी की। सुबह से ही सब्जियों की दुकानों पर भी भीड़ लगी रही।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।