शैक्षिक सेमिनार सह विदाई सम्मान समारोह में शामिल हुए सैकड़ो शिक्षक
बड़हिया के पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय में शनिवार को शैक्षिक सेमिनार और विदाई समारोह का आयोजन हुआ। सेवानिवृत्त शिक्षक हरिवंश प्रसाद सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। सेमिनार में शिक्षा की चुनौतियों और समाधानों पर चर्चा की गई। शिक्षकों और समाज को मिलकर समाधान खोजने की आवश्यकता बताई गई।

बड़हिया, निज प्रतिनिधि। नगर स्थित पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय बड़हिया परिसर में शनिवार को शैक्षिक सेमिनार सह विदाई सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक हरिवंश प्रसाद सिंह ने की, जबकि संचालन रामविलास कुमार, मनोज कुमार एवं संजीव कुमार ने संयुक्त रूप से किया। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। जिसे प्रखंड प्रमुख इंदु देवी, नगर सभापति डेजी कुमारी, डायट प्राचार्या डॉ वंदना कुमारी, पूर्व मुखिया राजेश कुमार सिंह मंटू, पीयूष कुमार झा आदि ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर आयोजित शैक्षिक सेमिनार का विषय (बड़हिया आंचलिक परिप्रेक्ष्य में प्रारंभिक शिक्षा की वर्तमान चुनौतियां एवं समाधान) था।
सेमिनार में वक्ताओं ने प्राथमिक से लेकर माध्यमिक स्तर तक शिक्षा की स्थिति, संसाधनों की उपलब्धता, शिक्षक-छात्र अनुपात, विषयवार शिक्षकों की कमी तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने बताया कि कक्षा एक से पांच तक शिक्षक-छात्र का अनुपात संतोषजनक है, लेकिन उच्च कक्षाओं में विषयवार शिक्षकों की भारी कमी है। जिससे बेहतर शिक्षा एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है। इस स्थिति में केवल सरकारी प्रयासों पर निर्भर रहने के बजाय शिक्षकों और समाज को भी समाधान की दिशा में आगे आने की आवश्यकता बताई गई। ऑनलाइन शिक्षा, पुस्तकों और तकनीक के संतुलित उपयोग, शिक्षक प्रशिक्षण तथा अभिभावक जागरूकता पर भी जोर दिया गया। सेमिनार से पूर्व आयोजक दल की ओर से सभी आगंतुक अतिथियों को अंगवस्त्र, कलम और डायरी भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही बीते एक वर्ष में शिक्षांचल क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से सेवानिवृत्त हुए करीब दो दर्जन शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी फूल-माला, शॉल एवं कलम-डायरी देकर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत संगीत शिक्षक नरेश कुमार के नेतृत्व में विद्यालय की छात्राओं आफसा परवीन, डोली, सृष्टि भारती, आकृति, गरिमा, वैभवी, शिक्षा, निशु और आकांशी द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। इसके अलावा लोक संगीत एवं समूह नृत्य की मनोहारी प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। प्रस्तुति देने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मान के साथ ही शिक्षकों द्वारा नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



