जिले में शांतिपूर्ण होली के लिए प्रशासन सख्त
- संयुक्त आदेश जारी, दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, जबरन रंग लगाने वालों पर होगी कार्रवाईकेमिकल युक्त रंग होली ना कर दे भंग, रखे इस बात का ख्याल

लखीसराय, कार्यालय संवाददाता। जिले में 4 मार्च को मनाए जाने वाले होली पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पर्व के मद्देनजर जिला प्रशासन की ओर से संयुक्त आदेश जारी कर विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है। सभी को अपने-अपने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की जबरदस्ती, हुड़दंग या अशांति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अक्सर देखने में आता है कि जबरन रंग लगाने, धुल-मिट्टी या कीचड़ से होली खेलने को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है।
ऐसे मामलों को रोकने के लिए विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। जिले में कुछ लोग पारंपरिक तरीके से गुलाल लगाकर होली मनाते हैं, तो कुछ रंगों का प्रयोग करते हैं। वहीं कुछ स्थानों पर धुल-मिट्टी और कीचड़ से भी होली खेलने की परंपरा है। प्रशासन ने अपील की है कि जो लोग इन तरीकों से परहेज करना चाहते हैं, उन्हें किसी भी स्थिति में जबरदस्ती रंग न लगाया जाए। ऐसा करने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र और पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने संयुक्त रूप से कहा है कि होली पर विधि-व्यवस्था बनाए रखना केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारे, सद्भाव और शांति के साथ रंगों का यह खूबसूरत त्योहार मनाने की अपील की है, ताकि जिले में होली का पर्व हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



