जिला वक्फ कमेटी को अविलंब कार्यालय उपलब्ध कराने के निर्देश
बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के विशेष सचिव डॉ. अमीर आफाक अहमद फैजी ने लखीसराय में वक्फ कार्यालय स्थापित करने का निर्देश दिया है। इससे वक्फ संपत्तियों की देखरेख और अल्पसंख्यक कल्याण योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी। जिला वक्फ कमेटी के अध्यक्ष सरफराज आलम ने इस निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया।

लखीसराय, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, बिहार सरकार के विशेष सचिव सह निदेशक डॉ अमीर आफाक अहमद फैजी ने लखीसराय जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी वक्फ को जिला वक्फ कमेटी को कार्यालय उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। इस निर्देश के बाद जिले में वक्फ से जुड़े कार्यों में नई उम्मीद जगी है।निदेशक सह अपर सचिव ने कहा कि जिला में कार्यालय नहीं होने के कारण वक्फ संपत्ति, अभिलेख संधारण एवं अल्पसंख्यक कल्याण से जुड़े मामलों का निष्पादन प्रभावित हो रहा है। निदेशक के आदेश पर जिला वक्फ कमेटी के अध्यक्ष सरफराज आलम सहित सभी सदस्य एवं पदाधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका तहे दिल से आभार प्रकट किया।
अध्यक्ष ने कहा कि कार्यालय उपलब्ध होने से न केवल वक्फ संपत्तियों की बेहतर निगरानी हो सकेगी, बल्कि अल्पसंख्यकों से जुड़ी योजना का लाभ भी पारदर्शी और प्रभावी तरीके से आम लोगों तक पहुंच सकेगा।उन्होंने बताया कि लगभग दो वर्ष पूर्व बिहार राज्य सुन्नी वक्फ बोर्ड द्वारा लखीसराय में जिला वक्फ कमेटी का गठन किया गया था। तब से कमेटी लगातार पत्राचार और पहल के माध्यम से कार्यालय उपलब्ध कराने की मांग कर रही थी। राज्य के कई जिलों में पहले से कार्यालय उपलब्ध होने के बावजूद लखीसराय में इसकी व्यवस्था नहीं होना स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना था। 25 फरवरी को अध्यक्ष सरफराज आलम के नेतृत्व में कमेटी का एक शिष्टमंडल बिहार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान व विभाग के निदेशक सह अपर सचिव से भेंट कर ज्ञापन सौंपा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय अपर सचिव सह निदेशक ने तत्काल निर्देश जारी किया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



