Hindi NewsBihar NewsLakhisarai NewsBihar Elections 2025 Special Surveillance Teams Seize 1 Lakh During Vehicle Check in Lakhisarai
वाहन जांच के दौरान एक लाख रुपये बरामद, एसएसटी टीम ने की कार्रवाई

वाहन जांच के दौरान एक लाख रुपये बरामद, एसएसटी टीम ने की कार्रवाई

संक्षेप: बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 के लिए लखीसराय में आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने हेतु विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। एसएसटी टीम ने बाहापुल, बड़हिया में वाहन जांच के दौरान ₹1,00,000 नकद बरामद...

Mon, 20 Oct 2025 01:25 AMNewswrap हिन्दुस्तान, लखीसराय
share Share
Follow Us on

लखीसराय, एक प्रतिनिधि। बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 के मद्देनज़र आदर्श आचार संहिता के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन लखीसराय की ओर से विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। सभी प्रखंडों में एसएसटी (स्टेटक सर्वेलेंस टीम), एफएसटी, वीवीटी और अन्य निगरानी दल सक्रिय रूप से क्षेत्र में गश्ती और जांच अभियान चला रहे हैं, ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके। इसी क्रम में रविवार को एसएसटी टीम, लखीसराय ने गश्ती के दौरान बाहापुल, बड़हिया क्षेत्र में वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान एक वाहन से ₹1,00,000 (एक लाख रुपये मात्र) नकद बरामद किए गए।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

पूछताछ के दौरान संबंधित व्यक्ति राशि के स्रोत एवं उद्देश्य के संबंध में कोई समुचित दस्तावेज़ या संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत नहीं कर सका। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार बिना वैध कारण बड़ी राशि का परिवहन आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन माना जाता है। ऐसे में एसएसटी टीम ने विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उक्त राशि को फ्लाइंग स्क्वॉड मजिस्ट्रेट, बड़हिया के समक्ष प्रस्तुत किया। साथ ही, मौके पर जब्ती सूची तैयार की गई और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई, ताकि जांच प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनी रहे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, लखीसराय श्री मिथिलेश मिश्र ने बताया कि निर्वाचन अवधि में अवैध नकदी, शराब, उपहार या किसी भी प्रकार के प्रलोभन सामग्री के परिवहन एवं वितरण पर प्रशासन की कड़ी नजर है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि किसी संदिग्ध गतिविधि या चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन की जानकारी मिले, तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।