ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार लखीसरायशादी में बेटिये-दमाद के राज छै बेटा, समान देबै ते पड़तै नै...

शादी में बेटिये-दमाद के राज छै बेटा, समान देबै ते पड़तै नै...

लॉकडाउन का पालन कराने निकले एसपी व उनके पुलिस महकमे के द्वारा की जा रही कार्रवाई के दौरान कुछ मार्मिक तस्वीरें भी सामने आईं। एक बुजुर्ग मां सड़क...

शादी में बेटिये-दमाद के राज छै बेटा, समान देबै ते पड़तै नै...
हिन्दुस्तान टीम,लखीसरायWed, 12 May 2021 10:52 PM
ऐप पर पढ़ें

लखीसराय। कार्यालय संवाददाता

लॉकडाउन का पालन कराने निकले एसपी व उनके पुलिस महकमे के द्वारा की जा रही कार्रवाई के दौरान कुछ मार्मिक तस्वीरें भी सामने आईं। एक बुजुर्ग मां सड़क किनारे बैठकर अपनी बेटी की शादी में देने के लिए खरीदे गए सामान को संजोती दिखीं। उनका बेटा सामान खरीदकर उनके पास पहुंचाता रहा और वे सामानों की देखभाल करतीं दिखीं। वहीं दूसरी तस्वीर में अपनी बहन को उनकी शादी के लिए खरीदारी कराने पहुंचे एक भाई को पुलिसिया सख्ती का सामना करना पड़ा।

दरअसल, इन दिनों लग्न का मौसम है। शुभ मुहूर्त होने के कारण लगातार वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न हो रहे हैं। यही कारण है कि बाजार में गैर जरूरी सामानों की खरीदारी के लिए शादी-विवाह से जुड़े ही अधिकांश लोग पहुंच रहे हैं। कोई पलंग, सोफा, सिलाई मशीन खरीद रहा तो कोई शादी के लिए कपड़ों की खरीदारी कर रहा है। बुधवार को भी शहर के बाजार में अधिकांश ऐसे ही लोगों की भीड़ देखी गई। नया बाजार एचडीएफसी बैंक के नजदीक सड़क किनारे बैठी बुजुर्ग मां के बगल में दो कुर्सी, रजाई-तोशक, सीलिंग फैन व एक छोटा सा बक्शा रखा मिला। पास के ही एक दुकानदार पर कार्रवाई के दौरान पुलिस ने महिला से पूछताछ की तो महिला ने स्वीकार किया कि ये उन्हीं के सामान हैं और बेटी की शादी में देने के लिए हैं। हालांकि पुलिस ने महिला से दोबारा किसी तरीके की पूछताछ नहीं की। हिन्दुस्तान प्रतिनिधि से बातचीत के दौरान उक्त मां ने अपना पता हलसी प्रखंड के बिजुलखी गांव बताया। अपने ठेठ लहजे में वे कहतीं दिखीं कि 'शादी में बेटिये-दमाद के राज छै बेटा, समान देबै ते पड़तै नै', 'बेटा खरीद-खरीद के पहुंचाय रहल छै, हम जोयग रहल छियै', 'दू दिन बाद बेटी के शादी छै, नै देबै त दमाद के घर बला कि सोचतै'।

साड़ी लेना दूल्हन को पड़ा भारी

नया बाजार में ही साड़ी खरीदना एक दूल्हन को थोड़े समय के लिए भारी पड़ गया। दरअसल, एक दुकान में चोरी छिपे साड़ी खरीदने के दौरान एक दूल्हन व उनके परिवार के सदस्य को पुलिसिया सख्ती का सामना करना पड़ा। पुलिस के अचानक से पहुंच जाने की वजह से सभी के सभी अंदर ही कैद रह गए। पुलिस की सख्त चेतावनी के बाद करीब आधे घंटे के बाद दुकानदार द्वारा दुकान खोले जाने के बाद अंदर से दुल्हन, उनकी मां, छोटी बहन व उनका भाई निकला। इस बीच दुकानदार के साथ ही लड़की के भाई पर पुलिस ने सख्ती दिखाई। इस बीच दुल्हन व उनके परिवार के सभी सदस्य थोड़े देर के लिए घबरा गए। दुल्हन अपने केलेजे से चिपकाए एक साड़ी लेकर अंदर से बाहर निकली और उसे चिपकाए ही रखी। वह साड़ी उसने अपनी शादी के समय पहनने के लिए खरीदी थी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें