Lakhisarai News: घर लौट रहे व्यक्ति पर हमला, छह नामजद समेत अज्ञात पर प्राथमिकी
Lakhisarai News: घर लौट रहे व्यक्ति पर हमला, छह नामजद समेत अज्ञात पर प्राथमिकी - आंख, सिर और छाती पर लाठी-डंडे व ईंट से मारने का आरोप, सदर अस्पताल में भर्ती - पत्नी

Lakhisarai News: लखीसराय, एक प्रतिनिधि। नगर थाना क्षेत्र के गढ़ी विशनपुर वार्ड संख्या 13 निवासी माधुरी देवी ने अपने पति विद्यासागर चौधरी के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है। आवेदन में छह नामजद समेत दो-तीन अज्ञात लोगों पर पति को जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया गया है।
घटना का विवरण
थाना अध्यक्ष को दिए आवेदन में माधुरी देवी ने बताया है कि 29 सितंबर की रात करीब आठ बजे उनके पति विद्यासागर चौधरी घर लौट रहे थे। इसी दौरान सकलदेव यादव, रामदेव यादव, कुणाल कुमार, राकेश यादव, सचिन कुमार, कृष्ण यादव सहित दो-तीन अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर लाठी-डंडे, ईंट और लोहे के पंजे से उनके पति की आंख, सिर और छाती पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मारपीट के बाद विद्यासागर चौधरी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चोटों का विवरण
आवेदन के अनुसार, चिकित्सक ने उनके सिर और छाती में गंभीर चोट बताई है। छाती की हड्डी टूट जाने की बात भी कही गई है। घायल को सांस लेने के साथ ही खाना-पीना में परेशानी होने का उल्लेख आवेदन में किया गया है। माधुरी देवी ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान आरोपितों ने उनके पति के गले से सोने की चेन भी छीन ली।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद आरोपितों द्वारा उनके पति और परिवार के सदस्यों को गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। साथ ही झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने की बात कही गई है। पीड़िता ने पुलिस से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इधर पुलिस का कहना है कि आवेदन प्राप्त होने के बाद पुलिस मामले की छानबीन शुरू कर दी है।


