लखीसराय: नव वर्ष पर पूजा को अशोक धाम में उमड़ी भीड़
लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में 1 जनवरी 2026 को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक किया। दोपहर 1:42 बजे तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पूजा की। मंदिर को खूबसूरती से सजाया गया था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

लखीसराय, एक प्रतिनिधि। आस्था और श्रद्धा का प्रतिक अशोक धाम एक जनवरी 2026 यानि नव वर्ष पर श्रद्धालुओं की भीड़ से भरा रहा। सुबह से ही श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक को लेकर मंदिर में जमा होने लगे। जिले के प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में अहले सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर “हर हर महादेव” के जयघोष से गूंजता रहा और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। सुबह होते ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर के बाहर लगनी शुरू हो गई थीं। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, भक्तों की संख्या लगातार बढ़ती चली गई। मंदिर प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार दोपहर 1:42 बजे तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान भोले शंकर का जलाभिषेक कर अपने और अपने परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगल कामना की।
इस दौरान महिला श्रद्धालुओं के साथ-साथ युवकों में भी पूजा-अर्चना को लेकर खासा उत्साह देखा गया। नए साल के अवसर पर अशोक धाम मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मंदिर परिसर को फूल-मालाओं और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया, जिससे इसकी भव्यता और भी बढ़ गई। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर बाबा भोलेनाथ के दर्शन कर रहे थे। हालांकि भारी भीड़ के कारण कई स्थानों पर थोड़ी अव्यवस्था भी देखने को मिली, लेकिन मंदिर प्रबंधन और स्वयंसेवकों की मदद से व्यवस्था को संभाल लिया गया। इस दौरान युवतियां मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सेल्फी लेते हुए नजर आईं, वहीं महिलाएं और बुजुर्ग श्रद्धालु पूरे मनोयोग से पूजा-पाठ और जलाभिषेक में लगे रहे। पैदल यात्रा कर भी मंदिर पहुंच रहे थे श्रद्धालु कई श्रद्धालु दूर-दराज के क्षेत्रों से पैदल यात्रा कर अशोक धाम पहुंचे थे। भक्तों का कहना था कि नए साल की शुरुआत बाबा भोलेनाथ के दर्शन से करने से वर्ष भर सुख, शांति और सफलता मिलती है। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर और आसपास पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचा जा सके। प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था को भी सुचारु रखने का प्रयास किया गया, हालांकि श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने के कारण कुछ समय के लिए जाम की स्थिति भी बनी। श्रद्धालुओं ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नए साल पर अशोक धाम में पूजा करने का अलग ही महत्व है। लोगों ने भगवान भोलेनाथ से देश, प्रदेश और जिले में सुख-शांति तथा खुशहाली की कामना की। कुल मिलाकर नए साल के पहले दिन अशोक धाम मंदिर में आस्था, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर में भीड़ को देखते हुए ट्रस्ट के सचिव डॉक्टर कुमार अमित, डॉक्टर प्रवीण कुमार, प्रोफेसर मनोरंजन कुमार, अनिल कुमार सहित कई सदस्य कार्यकर्ता भीड़ संभालने में लगे रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




