बिहार में पैसों के विवाद में मजदूर की हत्या कर लाश को जमीन में गाड़ दिया, अब बहन पुलिस की रडार पर

हिन्दुस्तान, निज प्रतिनिधि, नूरसराय, नालंदा
share

हत्या का आरोप पपरनौसा गांव के ही मजदूर ठेकेदार मुकेश यादव और उसके सहयोगियों पर लगाया गया है। मृत मजदूर की मौसेरी बहन की संदिग्ध भूमिका भी जांच के दायरे में है।

Nalanda News
नालंदा में मजदूर की हत्या कर दी गई। (सांकेतिक तस्वीर)

बिहार के नालंदा जिले में एक मजदूर की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। यहां नूरसराय थाना क्षेत्र के पपरनौसा गांव के खंधा से रविवार को पुलिस ने जमीन खोदकर एक मजदूर की लाश बरामद की। मृतक की पहचान इस्लामपुर थाना क्षेत्र के नीलकंठ बिगहा गांव निवासी 45 वर्षीय सुरेन्द्र मांझी के रूप में हुई है। रुपये के लेन-देन में घटना को अंजाम देने की बात कही जा रही है। हत्या का आरोप पपरनौसा गांव के ही मजदूर ठेकेदार मुकेश यादव और उसके सहयोगियों पर लगाया गया है। मृत मजदूर की मौसेरी बहन की संदिग्ध भूमिका भी जांच के दायरे में है। शुक्रवार की रात पुलिस को किसी ग्रामीण ने सूचना दी थी कि गांव के खंधे में कुछ लोग एक आदमी को बेरहमी से पीट रहे हैं। जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची लेकिन, वहां कोई नहीं था।

इसके बाद रविवार को मिली गुप्त सूचना पर पुलिस ने खंधे में जमीन खोदकर लाश बरामद की। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। छानबीन में पता लगा कि मुकेश यादव की मृत मजदूर की मौसेरी बहन से जान-पहचान थी। उसी के माध्यम से उसने सुरेन्द्र को डेढ़ साल पहले मजदूरों की व्यवस्था करने के लिए करीब साढ़े चार लाख रुपये दिये थे। रुपये लेने के बाद सुरेन्द्र ने न तो खुद मजदूरी की और न अन्य मजदूरों की व्यवस्था की। वह काम करने दूसरे राज्य चला गया। दो दिन पहले वह वापस लौटा। शुक्रवार को उसकी बहन ही उसे नीलकंठ बिगहा लेकर आयी थी। इसके बाद मुकेश अपने रुपये मांगने लगा। रुपये नहीं मिले तो सहयोगियों के साथ पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।

पावापुरी : आदमपुर में घर में सो रहे युवक की गला दबाकर हत्या

इधऱ पावापुरी में गिरियक थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या चार, आदमपुर गांव में शनिवार की रात घर में सो रहे युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गयी। रविवार की सुबह बिस्तर पर ही उसकी लाश मिली। लाश मिलते ही सनसनी मच गयी। सूचना पाकर राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी।

परिजन किसी से दुश्मनी या विवाद की बात से कर रहे हैं इनकार

मृतक की पहचान सुरेश चौधरी के 35 वर्षीय पुत्र रंजीत चौधरी के रूप में की गयी है। घटना के समय वह घर में अकेला था। घटना का कारण अभी सामने नहीं आया है। परिजन किसी से दुश्मनी या विवाद की बात से इनकार कर रहे हैं। कुछ लोग लाठी-डंडे से पीटकर हत्या करने की चर्चा कर रहे हैं। हालांकि, मारपीट होती तो शोर भी होता। आसपास के लोगों को पता चल जाता। सुबह में उसकी लाश मिलने के बाद गांव के लोगों को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गयी। पिता के बयान पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर करायी गयी है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsबिहार में मजदूर की हत्या कर लाश को जमीन में गाड़ दिया, अब बहन रडार पर