4 वाले कुशवाहा को टिकट, 19 वाली एलजेपीआर पिछ़ड़ गई; चिराग की पार्टी ने दिया यह रिएक्शन

Mar 04, 2026 06:30 am ISTSudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

चिराग पासवान की पार्टी लोजपा आरवी को राज्यसभा में स्थान नहीं मिला जबकि पार्टी के 19 विधायक हैं। दूसरी ओर मात्र चार विधायकों वाली आरएलएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा का नाम फाइनल हो गया है।

4 वाले कुशवाहा को टिकट, 19 वाली एलजेपीआर पिछ़ड़ गई; चिराग की पार्टी ने दिया यह रिएक्शन

Rajya Sabha Election 2026: बिहार की पांच राज्यसभा सीटों पर चुनाव हो रहा है। एनडीए की ओर से सभी पांचों सीटों के लिए उम्मीदवारों का नाम लगभग तय हो गया है। इसमें चिराग पासवान की पार्टी लोजपा आरवी को स्थान नहीं मिला जबकि पार्टी के 19 विधायक हैं। दूसरी ओर मात्र चार विधायकों वाली आरएलएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा का नाम फाइनल हो गया है। राजद की ओर से तेजस्वी यादव कल 5 मार्च को पत्ता खोलेंगे। राज्यसभा हिस्सेदारी नहीं मिलने के बाद लोजपा आरवी की ओर से रिएक्शन आया है। कल पांच मार्च तक नामांकन दाखिल किया जाएगा। 16 मार्च को मतदान होगा।

राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने दो प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है जबकि जदयू से एक सीट पर रामनाथ ठाकुर और दूसरी पर नीतीश कुमार के बेटे निशांत के नाम की चर्चा है। बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और सासाराम लोकसभा चुनाव हार चुके शिवेश राम को टिकट दिया है। पांचवीं सीट पर उपेंद्र कुशवाहा का नाम फाइनल हो गया है। सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम की घोषणा के बाद चिराग पासवान की पार्टी की प्रतिक्रिया सामने आई है। कहा गया है कि लोजपा आरवी में सीट नहीं मिलने को लेकर कोई नाराजगी नहीं है। लोक जनशक्ति पार्टी- रामविलास के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेश भट्ट का कहना है कि राज्यसभा की बिहार से सभी पांच सीटों पर उनकी पार्टी एनडीए के प्रत्याशियों को ना सिर्फ समर्थन देगी बल्कि उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए काम करेगी। राजेश भट्ट ने कहा कि हमारे सभी विधायक एनडीए के प्रत्याशी को वोट करेंगे।

पहले भी बोले थे चिराग

इससे पहले चर्चा थी कि चिराग पासवान की मां रीना पासवान को राज्यभा भेजा जाएगा। इस पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा था कि उनकी मां राजनीति में नहीं आ रही हैं। इसे कतई डिबेट का हिस्सा नहीं बनाएं। वह रीना पासवान अपने आप को सक्रिय राजनीति से दूर रखती हैं और आगे भी रखना चाहती हैं। खुद रीना पासवान ने भी कहा था कि साहेब के रहते नहीं गए तो अब क्या जाएं।

मांझी ने रखी थी अपनी मांग

राज्यसभा चुनाव को लेकर केंद्रीय एमएसएमई मंत्री जीतन राम मांझी ने अपनी ओर से एक सीट की मांग रखी थी। हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के सुप्रीमो ने कहा था कि उन्हें दो लोकसभा और एक राज्यसभा सीट देने का वादा किया गया था। इस पर एनडीए के शीर्ष नेतृत्व को विचार करना चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कोई दावा नहीं करेंगे पर अंतिम समय तक प्रतिक्षा करेंगे। मांझी को भी मौका नहीं मिला। उनकी पार्टी के पांच विधानसभा सदस्य और एक विधान पार्षद हैं। इनमें इमामगंज विधानसभा से दीपा कुमारी(मांझी) बाराचट्टी विधानसभा से ज्योति देवी,अतरी विधानसभा से रोमित कुमार जी, सिकंदरा विधानसभा से प्रफुल्ल कुमार मांझी जी तथा कुटुम्बा विधानसभा से ललन राम विधायक हैं। जबकि, मांझी के बेटे बिहार सरकार में मंत्री संतोष सुमन विधान पार्षद हैं।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें