महिला की गला दबाकर हत्या, पति हिरासत में

May 06, 2026 10:17 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, किशनगंज
share

किशनगंज नेपालगढ़ कॉलोनी में ससुराल में संदिग्ध परिस्थिति में मिला विवाहिता का शव हत्या की जताई गई है आशंका शैलेश ओझा की रिपोर्ट किशनगंज। संवादद

महिला की गला दबाकर हत्या, पति हिरासत में

किशनगंज, संवाददाता। सदर थाना क्षेत्र के नेपालगढ़ कॉलोनी में किराए के मकान में मंगलवार देर रात 20 वर्षीय विवाहिता महिला का शव संदिग्ध परिस्थिति में मिला है। मृतका की पहचान राजा सोनार की पत्नी छोटी देवी (20 वर्ष) के रूप में हुई है। छोटी देवी के परिजनों ने ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाया है। महिला का मायके शहर के सोनार पट्टी में है। इस बीच सदर थाना की पुलिस ने छोटी के पति राजा सोनार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। प्रथमद्रष्टया पुलिस को महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने की भी आशंका है। जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर रात छोटी देवी को उसके पति राजा सोनार द्वारा आनन-फानन में सदर अस्पताल किशनगंज ले जाया गया था।

जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया था। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू करवाई गई। एसपी संतोष कुमार ने बताया कि छोटी के पिता का बयान लिया जा रहा है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र करने में जुटी है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार छोटी की शादी 2 वर्ष पूर्व बहादुरगंज थाना क्षेत्र के गांगी निवासी राजा सोनार से हुई थी। उनका एक बच्चा भी है। छोटी देवी अपने पति के साथ नेपालगढ़ कॉलोनी में किराए के मकान में रहती थी। छोटी के पिता विजय सोनार ने पुलिस को दिए गए बयान में बताया है कि उन्हें मंगलवार की देर रात्रि को सूचना मिली की बेटी सदर अस्पताल में मृत पड़ी है। अस्पताल पहुंचा तो देखा बेटी छोटी देवी सदर अस्पताल में स्ट्रेचर में मृत पड़ी है। विजय ने अपने दामाद पर बेटी की गला दबाकर हत्या की आशंका जताई है। घटना के एक दिन पूर्व विजय अपनी बेटी से मिलने नेपालगढ़ कॉलोनी स्थित किराए के मकान में गए थे। उस समय बेटी उदास दिख रही थी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।