खोसीडांगी में मारपीट की कोशिश, वीडियो वायरल, पीड़ित ने थाने में दिया आवेदन
खोसीडांगी में मारपीट की कोशिश, वीडियो वायरल, पीड़ित ने थाने में दिया आवेदन खोसीडांगी में मारपीट की कोशिश, वीडियो वायरल, पीड़ित ने थाने में दिया आवेदन

ठाकुरगंज। निज संवाददाता गलगलिया थाना क्षेत्र के खोसीडांगी गांव में शनिवार को दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गई। हालांकि गृहस्वामी द्वारा समय रहते अपने घर का फाटक बंद कर लेने के कारण बड़ी घटना टल गई। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग बांस-बल्ला और ईंट लेकर गाली-गलौज करते हुए घर के ग्रिल गेट को तोड़ने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि हिन्दस्तान अखबार नहीं करता है। वायरल वीडियो में रामविनोद महतो एवं अन्य लोगों को अभिषेक कुमार (पिता- रामपदारथ महतो) के घर के सामने पहुंचकर हंगामा करते हुए देखा जा रहा है।
आरोप है कि वे लोग बल्ला लेकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने के इरादे से घर का ग्रिल गेट तोड़ने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन घर के अंदर मौजूद लोगों द्वारा तुरंत फाटक बंद कर लेने से किसी बड़ी मारपीट की घटना नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच विवाद की वजह खाद की दुकान को लेकर चल रहा विवाद है। आरोप है कि रामविनोद महतो द्वारा अवैध रूप से खाद की दुकान संचालित कर खाद की बिक्री की जा रही थी, जिसे लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव उत्पन्न हो गया। घटना के बाद पीड़ित अभिषेक कुमार ने गलगलिया थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। अपने आवेदन में उन्होंने बताया कि शुक्रवार को वह अपनी नई खाद दुकान पर मौजूद थे। उसी दौरान कृषि विभाग के पर्यवेक्षक धर्मवीर प्रसाद वहां पहुंचे और गांव में किसी अन्य खाद दुकान के बारे में पूछताछ की। इस पर उन्होंने बताया कि गांव में रामविनोद महतो भी खाद की दुकान चलाते हैं। इसी बात को लेकर रामविनोद महतो अपने पिता के साथ गाली-गलौज करने लगे। पीड़ित का आरोप है कि अगले दिन शनिवार को भी रामविनोद महतो अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने की कोशिश करने लगे और घर के गेट को तोड़ने का प्रयास किया। इस संबंध में गलगलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि घटना से संबंधित आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच के लिए पुलिस पदाधिकारी को भेजा गया है। जांच के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


