
महाराजा जतीन्द्र मोहन ठाकुर की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित
ठाकुरगंज में महाराजा जतीन्द्र मोहन ठाकुर की 118वीं पुण्यतिथि धूमधाम से मनाई गई। कई प्रबुद्ध लोगों ने उनके तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। महाराजा का जन्म 16 मई 1831 को हुआ और 10 जनवरी 1908 को निधन हुआ। उनके पौत्र प्रवीरेन्द्र मोहन ठाकुर ठाकुरगंज के अंतिम जमींदार थे।
ठाकुरगंज। निज संवाददाता आजादी से पूर्व ठाकुरगंज रियासत के संस्थापक महाराजा जतीन्द्र मोहन ठाकुर की 118वीं पुण्यतिथि नगर पंचायत के कचहरी पाड़ा में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। प्रबुद्ध लोगों ने जतीन्द्र मोहन ठाकुर के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल, पूर्व मुख्य पार्षद देवकी अग्रवाल, बिजली सिंह, राजेश करनानी, जयंत लाहिरी व पार्षद अमित सिन्हा ने बताया कि कोलकाता के प्रसिद्ध महाराजा बहादुर सर जतीन्द्र मोहन ठाकुर की रियासत ही ठाकुरगंज था, जिसका पुराना नाम कनकपुर था। उनका जन्म 16 मई 1831 को हुआ और 10 जनवरी 1908 को निधन हो गया। महान कवि रवीन्द्रनाथ टैगोर उनके भतीजे थे।
उनके पौत्र प्रवीरेन्द्र मोहन ठाकुर ठाकुरगंज के अंतिम जमींदार थे। उन्होंने ही कचहरीपाड़ा में तत्कालीन कचहरी स्थापित की, जिससे मोहल्ले का नाम पड़ा। प्रसिद्ध हरगौरी मंदिर में स्थापित प्राचीन शिवलिंग भी इन्होंने ही महाभारत कालीन खुदाई के दौरान प्राप्त कर छोटे मंदिर में प्रतिष्ठित किया था। मंदिर के पत्थर पर बंगला भाषा में अंकित शिलालेख इस इतिहास की पुष्टि करता है। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष बिजली सिंह, राजेश करनानी, भाजपा नेता अनिल महराज, भाजपा नगर अध्यक्ष अतुल सिंह, पार्षद प्रतिनिधि प्रदीप साह, जदयू युवा प्रदेश महासचिव प्रशांत पटेल, युवा जिला उपाध्यक्ष सन्नी झा, महामंत्री चंद्रकांत गौतम, जयंत लाहिरी, विजय शर्मा, राहुल पासवान, सोमनाथ गांगुली, स्वरुप गांगुली, पंकज जाजोदिया, दीपक सहनी, अभय महतो, रवि मंडल, बिट्टू मंडल सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




