ठाकुरगंज सीएचसी का सफाई सुपरवाइजर शराब की तस्करी में गिरफ्तार
ठाकुरगंज पुलिस ने सोमवार रात को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पुराने भवन में चल रहे अवैध विदेशी शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया। एक आरोपी मनोज विश्वास को गिरफ्तार किया गया, जो एनजीओ में सफाई सुपरवाइजर था। पुलिस ने उसकी बाइक और शराब जब्त कर ली। आरोपी ने पिछले कई महीनों से शराब की सप्लाई करने की बात स्वीकार की।

ठाकुरगंज, निज संवाददाता। ठाकुरगंज पुलिस ने सोमवार की देर रात कार्रवाई कर ठाकुरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पुराने भवन में चल रहे अवैध विदेशी शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान कटिहार जिले के प्राणपुर निवासी मनोज विश्वास के रूप में की गई है, जो ठाकुरगंज अस्पताल में एक एनजीओ के माध्यम से सफाई सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। ठाकुरगंज थानाध्यक्ष मकसूद आलम अशर्फी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से अस्पताल के पुराने भवन में शराब तस्करी की सूचना मिल रही थी। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने भी इस संबंध में लिखित शिकायत दी थी।
सोमवार की रात गुप्त सूचना पर पुलिस की एक टीम गठित कर छापेमारी की गई, जिसमें चार बोतल विदेशी शराब के साथ दो आधी भरी बोतलें बरामद की गईं। पुलिस ने आरोपी की बाइक सहित शराब को जब्त कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पिछले कई महीनों से अस्पताल के पुराने भवन से शराब की सप्लाई कर रहा था। पुलिस ने इस मामले में मद्धनिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को किशनगंज मंडल कारा भेज दिया है। इस घटना की पुष्टि करते हुए ठाकुरगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा जुलाई माह में ही उन्हें स्वास्थ्य केंद्र के पुराने भवन में अवैध गतिविधियों की सूचना दी थी। पुलिस भी इस पर नजर बनाए हुए थे लेकिन कारोबारी इतना शातिर था कि पुलिस की आंखों में धूल झोंकता रहा। आखिरकार सोमवार की रात उसे अवैध विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


