
एनडीआरएफ ने लोगों को सुरक्षा व बचाव की दी जानकारी
टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय में एनडीआरएफ द्वारा बाढ़ आपदा पर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य आम जनता को बाढ़ के पूर्व, दौरान और बाद की सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी देना था। अधिकारियों ने आपात स्थिति में सावधानी बरतने और एनडीआरएफ की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। स्थानीय लोगों ने शिविर को अत्यंत उपयोगी बताया।
टेढ़ागाछ। टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय स्थित अंचल कार्यालय परिसर में मंगलवार को नवमी बटालियन एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल), गृह मंत्रालय भारत सरकार की ओर से बाढ़ आपदा को लेकर एक व्यापक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य संभावित बाढ़ आपदा से पूर्व आमजन को सतर्क करना तथा आपदा की स्थिति में जान-माल की सुरक्षा हेतु आवश्यक जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार के साथ नवमी बटालियन एनडीआरएफ के सब इंस्पेक्टर मनीष कुमार सिंह, सब इंस्पेक्टर सुजेश कुमार सिंह एवं मोहम्मद शमीम संयुक्त रूप से उपस्थित रहे। शिविर को संबोधित करते हुए सब इंस्पेक्टर मनीष कुमार सिंह ने बाढ़ से पहले की तैयारी, बाढ़ के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों तथा बाढ़ के बाद की आवश्यक कार्यवाही के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि बाढ़ संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोग पहले से ही सुरक्षित स्थानों की पहचान कर लें, आवश्यक दस्तावेज, सूखा राशन, दवाइयां, टॉर्च, मोबाइल चार्जर आदि एक आपात किट में तैयार रखें। बाढ़ के दौरान बिना आवश्यकता घर से बाहर न निकलें, तेज बहाव वाले पानी में प्रवेश न करें और अफवाहों पर ध्यान न देकर केवल प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। सब इंस्पेक्टर सुजेश कुमार सिंह ने कहा कि आपदा की घड़ी में धैर्य, सतर्कता और आपसी सहयोग ही सबसे बड़ा सहारा होता है। उन्होंने बताया कि घबराहट की स्थिति में गलत निर्णय लेने से नुकसान बढ़ सकता है, इसलिए संयम बनाए रखना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने एनडीआरएफ की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आपदा के समय एनडीआरएफ त्वरित राहत, खोज एवं बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने आपात स्थिति में सहायता के लिए संपर्क माध्यमों की जानकारी भी लोगों को दी। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने एनडीआरएफ टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, क्योंकि समय रहते सही जानकारी मिलने से बड़ी दुर्घटनाओं को टाला जा सकता है। शिविर में उपस्थित स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आम लोगों ने कार्यक्रम को काफी उपयोगी बताया और भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




