राष्ट्रीय लोक अदालत: ट्रैफिक चालान मामलों के लिए स्टेडियम में विशेष व्यवस्था
किशनगंज राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन आज ट्रैफिक चालान मामलों के निष्पादन को स्टेडियम में विशेष व्यवस्था लोक अदालत के सफल एवं व्यवस्थित संचालन हेतु अ

किशनगंज। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार शनिवार को किशनगंज में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न प्रकार के मामलों का त्वरित एवं आपसी सहमति के आधार पर निष्पादन किया जाएगा।
ट्रैफिक मामलों के निष्पादन हेतु विशेष व्यवस्था
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, किशनगंज सुशांत कुमार के निर्देशानुसार ट्रैफिक चालान से संबंधित मामलों के निष्पादन हेतु इस बार विशेष व्यवस्था की गई है। न्यायालय परिसर में अत्यधिक भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक चालान मामलों के निष्पादन के लिए शहीद अशफाकउल्लाह खां स्टेडियम, खगड़ा, किशनगंज को निर्धारित किया गया है, ताकि आम नागरिकों एवं वाहन स्वामियों को सुविधा पूर्वक अपने मामलों का निष्पादन कराने में सहूलियत हो सके।
वन टाइम ट्रैफिक चालान सेटलमेंट स्कीम
बिहार सरकार द्वारा अधिसूचित “वन टाइम ट्रैफिक चालान सेटलमेंट स्कीम, 2026” के अंतर्गत लंबित ई-चालान एवं अन्य यातायात जुर्माने के मामलों में विशेष राहत प्रदान किए जाने की व्यवस्था की गई है। विशेष रूप से 90 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों में वाहन स्वामी न्यूनतम राशि जमा कर अपने मामलों का निष्पादन करा सकते हैं तथा अनावश्यक कानूनी प्रक्रिया से राहत प्राप्त कर सकते हैं। लोक अदालत के सफल एवं व्यवस्थित संचालन हेतु अलग-अलग काउंटर की व्यवस्था की गई है। साथ ही आमजनों की सुविधा के लिए पृथक इंक्वायरी काउंटर भी स्थापित किया जाएगा, जहां संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। ट्रैफिक मामलों के निष्पादन हेतु समय प्रात: 10:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। ट्रैफिक चालान मामलों का निष्पादन शहीद अशफाकउल्लाह खां स्टेडियम, खगड़ा, किशनगंज में किया जाएगा, जबकि अन्य मामलों का निष्पादन व्यवहार न्यायालय परिसर, किशनगंज में संपन्न होगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, किशनगंज द्वारा सभी वाहन स्वामियों एवं आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। लोक अदालत में आपसी सहमति से पारित निर्णय अंतिम होता है तथा इसके विरुद्ध कोई अपील नहीं होती, जिससे समय एवं धन दोनों की बचत होती है। आमजनों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने साथ वाहन संबंधी आवश्यक कागजात एवं पहचान पत्र अवश्य लेकर आएं, ताकि मामलों के निष्पादन में किसी प्रकार की असुविधा या विलंब न हो।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


