
प्रतिबंधित संगठन पीएफआइ का सक्रिय सदस्य किशनगंज से गिरफ्तार
केंद्रीय एजेंसी व बिहार पुलिस की संयुक्त छापेमारी में शहर के हलीम चौक से पीएफआइ के पूर्व बिहार अध्यक्ष महबूब आलम नदवी की गिरफ्तारी बाद पूछताछ में जुटी
किशनगंज, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआइ) का पूर्व बिहार अध्यक्ष महबूब आलम नदवी (39 वर्ष) को किशनगंज शहर के हलीम चौक से गुरूवार को गिरफ्तार किया गया है। केंद्रीय एजेंसी व किशनगंज पुलिस की संयुक्त छापेमारी यह सफलता हाथ लगी है। मूल रुप से कटिहार के हसनगंज प्रखंड के रामपुर पंचायत के वंशीबाड़ी गांव का रहने वाला संदिग्ध आतंकी महबूब आलम नदवी से एनआइए पूछताछ कर रही है। वर्ष 2022 में पटना के फुलवाड़ी शरीफ में एटीएस की छापेमारी बाद दर्ज कांड में यह नामजद था। जिसके बाद गिरफ्तारी के डर से वह अरब देश ओमान भाग गया था, वहां दो वर्षों तक रहा।

जहां से भारत लौटने के बाद किशनगंज के हलीम चौक पर भाड़े के मकान में छिप कर रहा था। इसके अलावा किशनगंज के मोहउद्दीनपुर में भी इसका ठिकाना था। वहां भी टीम ने छापेमारी की है। मिली जानकारी अनुसार छापेमारी में कई संदिग्ध दस्तावेज एजेंसी के हाथ लगे हैं। सूत्रों की मानें तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पूर्णिया में 15 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम को देखते हुए सक्रिय हुई केंद्रीय एजेंसी ने गुरूवार को प्रतिबंधित संगठन पीएफआइ का सक्रिय सदस्य महबूब आलम नदवी को गिरफ्तार कर लिया। बीते दिनों कटिहार में इसके पैतृक घर सहित अन्य ठिकाने पर नदवी की तलाश में एनआइए की टीम ने छापेमारी की थी लेकिन वह हाथ नहीं आया था। महबूब आलम नदवी जामिया मिलिया इस्लामिया से शिक्षा प्राप्त है वह 2013 में प्रतिबंधित संगठन पीएफआइ से जुड़ा था। पूर्व में वर्ष 2016-17 में प्रतिबंधित संगठन पीएफआइ का बिहार राज्य अध्यक्ष भी रह चुका है। वह किशनगंज में एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत था। सूत्रों के अनुसार, एजेंसी को नदवी की गतिविधियों पर लंबे समय से शक था और उस पर कट्टरपंथी गतिविधियों से जुड़े होने के आरोप हैं। हालांकि पूरे मामले में पूछताछ के बाद कई भारत विरोधी गतिविधि पर से पर्दा हटने की संभावना जतायी जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




