
सीडीपीओ की अनुपस्थिति से पंचायत समिति सदस्यों ने बैठक का किया वहिष्कार
पोठिया में पंचायत समिति की बैठक में सीडीपीओ नागेंद्र कुमार सिंह की अनुपस्थिति से विधायक मो. कमरुल होदा और सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार किया। विधायक ने जिला पदाधिकारी को सूचित कर सीडीपीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। विधायक ने बाल विकास परियोजना कार्यालय के बाहर ताला जड़कर नारेबाजी की और खाद्यान्न वितरण के मुद्दे पर भी नाराजगी जताई।
पोठिया। निज संवाददाता प्रखंड कार्यालय के सभाकक्ष में शनिवार को पंचायत समिति की बैठक निर्धारित थी। बैठक में प्रभारी सीडीपीओ नागेंद्र कुमार सिंह के अनुपस्थित रहने से नाराज विधायक मो. कमरुल होदा व समिति सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। जिसके बाद बैठक की कार्रवाई स्थगित कर दी गयी। बैठक से ही विधायक मो. कमरुल होदा ने जिला पदाधिकारी विशाल राज को सीडीपीओ के अनुपस्थित रहने एवं पंचायत समिति सदस्यों के द्वारा बहिष्कार करने के मामले से अवगत कराते हुए सीडीपीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बैठक स्थगित होने के बाद विधायक मो. कमरुल होदा के नेतृत्व में पंचायत जनप्रतिनिधि बाल विकास परियोजना कार्यालय पहुँचे और कार्यालय के मुख्यद्वार पर ताला जड़कर सीडीपीओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे।
विधायक मो. कमरुल होदा ने बताया की जिला पदाधिकारी के आश्वाशन के बाद ताला खोल दिया गया। विधायक श्री होदा ने एसएफसी गोदाम का भी निरीक्षण किया। जहां एक निजी व्यक्ति के द्वारा डीलरों को खाद्यान्न वितरण किया जा रहा था और बिना नाप-तौल किये खाद्यान्न डीलरों को दिया जा रहा था। जिसे लेकर भी विधायक जमकर बिफरे। विधायक ने अनुपस्थित सीडीपीओ नागेंद्र कुमार सिंह पर रोष प्रकट करते हुए कहा कि यह सरासर पंचायत जनप्रतिनिधियों व आम जनता का अपमान है। इस तरह की अफसरशाही लोकतंत्र के लिए घातक है,जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे उन्होंने बताया कि पंचायत समिति की बैठक में सीडीपीओ के अनुपस्थित रहने से यह स्पष्ट होता है कि सेविकाओं द्वारा उनपर अवैध वसूली के लगाये सभी आरोप सही है। प्रखंड प्रमुख शाद मुबारक अली ने कहा कि पंचायत समिति की बैठक में अधिकारियों के नहीं पहुँचने से उनके कार्यो की समीक्षा नहीं होती है। उनकी नजरों में पंचायत के जनप्रतिनिधियों का कोई महत्व नहीं है। वहीं बैठक में फाला पंचायत के समाजसेवी दुलालजीत सिंह के निधन को लेकर एक मिनट का मौन रखा गया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्राथना की गई। इस अवसर पर बीडीओ मो आसिफ,सीओ मोहित राज,प्रमुख शाद मुबारक अली, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शाहिद रजा अंसारी, बीईओ कुमकुम मल्लिक, पूर्व प्रमुख सह पंसस मो.जाकिर हुसैन,भोटा थाना मुखिया मरगूब आलम, पूर्व प्रमुख मो. बाबुल आलम, बुधरा मुखिया प्रतिनिधि मो. मुद्दसिर नजर, कस्बाकालियागंज मुखिया नैमुल हक, पंसस मो. नूरुद्दीन, पंसस तौकीर आलम सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




