
स्पोर्ट्स मीट में अव्वल छात्र सम्मानित
किशनगंज के प्राथमिक विद्यालय डेहुटा में बाल उत्सव का आयोजन किया गया। बच्चों ने विभिन्न खेल-कूद प्रतियोगिताओं में भाग लिया। समापन पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में नृत्य, संगीत और नाटक की प्रस्तुति दी गई। प्रधान शिक्षक ने अभिभावकों से बच्चों के विकास के लिए सहयोग की अपील की। कार्यक्रम का उद्देश्य आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है।
किशनगंज। विभागीय निर्देश के आलोक में प्राथमिक विद्यालय डेहुटा में बाल उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन समिति, अभिभावकों और शिक्षकों की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों के बीच विभिन्न खेल-कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें 100 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, थ्री-लेग रेस, साइकिलिंग, बोरा दौड़, स्पून-बॉल रेस, बिस्किट दौड़ और कबड्डी प्रमुख आकर्षण रहे। बच्चों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया। शनिवार को समापन के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, कविता पाठ और नाटक की शानदार प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित अभिभावकों और ग्रामीणों ने खूब सराहा।
स्पोर्ट्स मीट में अव्वल आने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षक अभिभावक संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधान शिक्षक शमीम अख्तर ने कहा कि यह दिन केवल उत्सव का नहीं बल्कि मंथन और संकल्प का दिन है। उन्होंने कहा कि बच्चे के समग्र विकास के लिए विद्यालय और परिवार दोनों की समान भूमिका आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चा मिट्टी के कच्चे घड़े के समान होता है, जिसे सही आकार देने के लिए विद्यालय और परिवार दोनों का सहयोग जरूरी है। जहां शिक्षक ज्ञान और दिशा देते हैं, वहीं माता-पिता संस्कार और प्रेरणा प्रदान करते हैं। प्रधान शिक्षक ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों से नियमित संवाद करें, उनकी पढ़ाई में रुचि लें, मोबाइल से अधिक समय बच्चों को दें और उनकी तुलना दूसरों से नहीं बल्कि उनके पिछले प्रदर्शन से करें। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम नहीं, बल्कि आत्मविश्वासी, अनुशासित, संस्कारी और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है। कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि शिक्षक और अभिभावक मिलकर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर सहयोग करेंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




