किशनगंज पुलिस की अपील: बच्चा चोर अफवाहों से सावधान रहें, कानून हाथ में न लें

Feb 27, 2026 01:36 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, किशनगंज
share

किशनगंज किशनगंज पुलिस की अपील: बच्चा चोर अफवाहों से सावधान रहें, कानून हाथ में न लें पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब तक की जांच में अधिकांश सूचनाएं

किशनगंज पुलिस की अपील: बच्चा चोर अफवाहों से सावधान रहें, कानून हाथ में न लें

किशनगंज। हिन्दुस्तान प्रतिनिधि किशनगंज जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बच्चा चोर सक्रिय होने की अफवाहों को लेकर आमजन में दहशत का माहौल है। इन अफवाहों के कारण कई स्थानों पर भीड़ द्वारा संदेह के आधार पर निर्दोष लोगों को पकड़कर मारपीट किए जाने की घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब तक की जांच में अधिकांश सूचनाएं निराधार और अफवाह मात्र पाई गई हैं। अफवाहों से बढ़ रही हैं हिंसक घटनाएं पुलिस के अनुसार, अपंग व्यक्ति, महिला, भिखारी, राहगीर, अर्द्धविक्षिप्त अथवा मंदबुद्धि व्यक्तियों को बच्चा चोर समझकर भीड़ द्वारा प्रताड़ित करने के मामले सामने आए हैं।

राज्य के विभिन्न हिस्सों में ऐसे लोगों को गंभीर रूप से घायल किए जाने की घटनाएं भी हुई हैं। किशनगंज एवं अन्य जिलों में जांच के दौरान बच्चा चोरी की अधिकतर सूचनाएं बेबुनियाद साबित हुई हैं। आम जनता से पुलिस की अपील किशनगंज पुलिस ने नागरिकों से संयम और जागरूकता बरतने की अपील की है। बच्चा चोर सक्रिय होने या पकड़े जाने की किसी भी सूचना की सत्यता की पुष्टि किए बिना उस पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे बढ़ाएं। यदि कहीं भीड़ किसी व्यक्ति को अफवाह के आधार पर पकड़ती है, तो लोगों को शांत करें और तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर सूचना दें। क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, युवा और छात्र अफवाहों का खंडन करें तथा संदिग्ध सूचना की जानकारी पुलिस नियंत्रण कक्ष (06456-222238) या डायल 112 पर दें। स्थानीय मुखिया, सरपंच और अन्य जनप्रतिनिधि यह सुनिश्चित करें कि अफवाह के कारण किसी के साथ हिंसा न हो। मॉब लिंचिंग है जघन्य अपराध पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने चेतावनी दी है कि भीड़ द्वारा की गई हिंसा या मॉब लिंचिंग कानूनन गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की कठोर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की जाएगी। किशनगंज पुलिस ने दोहराया कि शांति, संयम और सतर्कता ही अफवाहों पर लगाम लगा सकती है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल 112 या अपने नजदीकी थाना से संपर्क करें। बोले एसपी आप सभी इस अफवाह को रोकने में मदद करें क्योंकि अक्सर इस तरह की अफवाह में बेकसूर लोग या फिर मंदबुद्धि लोग भीड़ का शिकार हो जाते हैं अगर कही इस तरह की घटना हो तो तत्काल स्थानीये थाने या फिर 112 को सूचित करें। जागरूकता सें मोब्लिचिंग रोकी जा सकती हैं। संतोष कुमार, एसपी किशनगंज

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।