Kishanganj News: एक माह में जिले में 300 आरोपी किये गये गिरफ्तार
Kishanganj News: किशनगंज पुलिस ने अगस्त माह में विशेष अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों, अपराधियों की धरपकड़ और यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की। कुल 300 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और भारी मात्रा में मादक पदार्थों, अनुदानित शराब और मवेशियों की बरामदगी की गई। पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Kishanganj News: किशनगंज, संवाददाता। किशनगंज जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से किशनगंज पुलिस ने अगस्त माह में विशेष अभियान चलाया। किशनगंज एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर जिलेभर में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के साथ-साथ अवैध बालू, शराब, मादक पदार्थों, पशु तस्करी, गृहभेदन और वाहन चोरी के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। इसके अलावा, सड़कों पर सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए विशेष वाहन जांच अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कड़ी नकेल कसी गई। किशनगंज पुलिस द्वारा जारी अगस्त माह की आधिकारिक उपलब्धि रिपोर्ट के अनुसार, 1 अगस्त से 31 अगस्त के बीच चलाए गए विभिन्न अभियानों में कुल 300 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। इसके साथ ही, यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में कार्रवाई करते हुए वाहन चालकों से कुल 35 लाख 11 हजार 265 रुपये जुर्माना के रूप में वसूल की गई।
मादक पदार्थो और शराब बरामद
पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित और नशीली सामग्रियां जप्त की हैं। 637 ग्राम स्मैक व ब्राउन शुगर, 233.94 ग्राम एमडीएमए व 80.9 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त, उत्पाद अधिनियम के तहत चलाए गए विशेष अभियान में 1 हजार 548.40 लीटर विदेशी शराब और 151 लीटर देशी शराब बरामद की गई, जबकि मौके पर 190 लीटर जावा महुआ को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। पशु तस्करी के खिलाफ की गई कार्रवाई में पुलिस ने कुल 130 मवेशियों को सुरक्षित बरामद किया है।
शटर कटवा चोरी का सफल उद्भेदन और भारी जब्ती
अगस्त माह के दौरान पुलिस ने किशनगंज शहर के गांधी चौक स्थित प्रतिष्ठित दवा दुकान में हुई बहुचर्चित शटर कटवा चोरी की घटना का सफलतापूर्वक उद्भेदन किया था। पुलिस की टीम ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को मोतिहारी जिले से गिरफ्तार किया थोतस्करी, गृहभेदन और अन्य आपराधिक वारदातों में इस्तेमाल होने वाले वाहनों पर भी पुलिस की पैनी नजर रही। इस दौरान 6 ट्रक, 9 ट्रैक्टर, 15 मोटरसाइकिल, 5 कार, 1 स्कॉर्पियो, 1 बोलेरो, 1 टेंपो, 1 ई रिक्शा और 6 पिकअप समेत कई अन्य वाहन जब्त किए गए।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अपराधियों के पास से 27 मोबाइल फोन बरामद किया।जब्त किए गए अन्य सामानों में शटर काटने के उपकरण, तांबे के पाइप व तार, सीसीटीवी कैमरे, बैटरी-इन्वर्टर, लॉटरी टिकट शामिल है।
किशनगंज पुलिस की अपील
किशनगंज एसपी संतोष कुमार ने कहा कि कि अवैध शराब, मादक पदार्थों के धंधे, जुआ और अन्य तमाम आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। साथ ही, आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत डायल-112 पर संपर्क करें और साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 नंबर पर अपनी सूचना दर्ज कराएं।
फोटो 02 सितंबर केगंज 4 : संतोष कुमार, एसपी, किशनगंज


