किसान निबंधन एवं ई-केवाईसी का निरीक्षण
टेढ़ागाछ में, डीआरडीए निदेशक शशिम सौरभ मणि ने शुक्रवार को किसान निबंधन एवं ई-केवाईसी कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मियों को समय सीमा के भीतर लक्ष्य प्राप्त करने के लिए निर्देशित किया और किसानों से इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। अधिकारियों ने पंचायत स्तर पर कार्यों की प्रगति की जानकारी दी।
टेढ़ागाछ। टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न पंचायतों में संचालित किसान निबंधन एवं ई-केवाईसी कार्य का निरीक्षण वरीय प्रभारी पदाधिकारी सह निदेशक, डीआरडीए किशनगंज शशिम सौरभ मणि के द्वारा शुक्रवार को किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंचायत स्तर पर चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में किसान निबंधन कार्य में लगे सभी कर्मियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि किसान निबंधन राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिससे किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिलता है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के किसानों से भी अपील की कि वे किसान निबंधन एवं ई-केवाईसी कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, ताकि सरकार द्वारा संचालित कृषि संबंधित योजनाओं का लाभ उन्हें समय पर प्राप्त हो सके। साथ ही जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इस कार्य का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, जिससे अधिक से अधिक किसान जागरूक हों और योजना से जुड़ सकें। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार, अंचल अधिकारी शशि कुमार, कार्यपालक सहायक तथा विकास मित्र आदि उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से पंचायत स्तर पर चल रहे कार्यों की स्थिति की जानकारी दी और आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




