
किशनगंज में तस्करी, इंट्री माफिया और ओवरलोडिंग पर नकेल कसने की मांग तेज
जिला परिषद सदस्य नासिक नदीर के नेतृत्व में शिष्टमंडल ने डीएम-एसपी को सौंपा आवेदन, कठोर कार्रवाई की मांग किशनगंज में तस्करी, इंट्री माफिया ओवरलोडिंग पर
किशनगंज, संवाददाता । नेपाल व बंगाल सीमा से सटे किशनगंज जिले के सीमावर्ती इलाकों में अवैध तस्करी, सड़कों पर इंट्री माफिया और ओवरलोडेड वाहनों की धांधली लगातार बढ़ती जा रही है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि अब जनप्रतिनिधियों ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए प्रशासन से तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग शुरू कर दी है। इसी कड़ी में जिला परिषद सदस्य नासिक नदीर के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने गुरुवार को जिलाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक सागर कुमार से मुलाकात की और विस्तृत आवेदन सौंपकर पूरे नेटवर्क की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। जिला परिषद सदस्य नासिक नदीर ने अपने आवेदन में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गलगलिया-अररिया एनएच 327 ई, किशनगंज-दालकोला एनएच 327 और दालकोला से बंगाल के कई इलाकों में तस्करी का बड़ा रैकेट सक्रिय है।

इन रूटों से गायझ्रभैंस, कोयला, लकड़ी (टीक-सागवान), बालू, बेड मैटेरियल, सोना-चांदी, मादक पदार्थ, यहां तक कि लड़कियों की तस्करी तक बड़े पैमाने पर की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि यह पूरा अवैध कारोबार कुछ सफेदपोश लोगों के संरक्षण में फल-फूल रहा है, जिससे सरकार को करोड़ों का राजस्व नुकसान हो रहा है। जिप सदस्य नदीर ने डीएम और एसपी से 2019 से 2025 तक सक्रिय रहे इस पूरे तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की आय, संपत्ति और गतिविधियों की गहन जांच कराने की मांग की। उन्होंने उल्लेख किया कि हाल के महीनों में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में हेरोइन, ब्राउन शुगर, सोना और कोयले की कई बड़ी खेपें पकड़ी गई हैं, जो तस्करों के बढ़ते नेटवर्क को दर्शाता है। जिप सदस्य ने कहा कि सड़कों पर ओवरलोडेड वाहनों को किशनगंज की सीमा पार करवाने के लिए सक्रिय संगठित इंट्री माफिया गिरोह पर सख्त कार्रवाई की जरूरत है। इधर, डीएम विशाल राज ने कहा कि ओवरलोड वाहनों की धरपकड़ के लिए सीमा चौकियों पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। एसपी सागर कुमार ने कहा कि तस्करी के नेटवर्क पर नकेल कसने के लिए पुलिस सख्ती से काम कर रही है। लगातार पकड़े जा रहे मादक पदार्थ व तस्करों की गिरफ्तारी पुलिस की मुस्तैदी का प्रमाण है। वहीं स्थानीय लोगों ने जिला परिषद सदस्य की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि प्रशासन जल्द निर्णायक कदम उठाएगा। पुलिस अधीक्षक सागर कुमार ने पूरे मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


