खगड़ा खेल भवन में महिलाओं को किया गया सम्मानित

Mar 09, 2026 12:12 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, किशनगंज
share

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हुए कई कार्यक्रम, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित

खगड़ा खेल भवन में महिलाओं को किया गया सम्मानित

किशनगंज, संवाददाता अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर खेल भवन खगड़ा में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका नेतृत्व जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के अधिकार, सम्मान और समानता के प्रति समाज को जागरूक करना तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करना था। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, सामुदायिक नेतृत्व, सामाजिक सेवा तथा प्रशासनिक कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाली महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि निरंतर प्रयास, आत्मविश्वास और सामूहिक सहयोग के माध्यम से महिलाएं समाज में महत्वपूर्ण परिवर्तन ला सकती हैं।अपर

समाहर्ता ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मान देने और समाज में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, पुलिस सेवा, उद्यमिता तथा सामाजिक कार्यों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी समाज के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। डीपीओ ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम है। जब एक महिला शिक्षित होती है तो वह पूरे परिवार को शिक्षित और जागरूक बनाती है। बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनके माध्यम से बालिकाओं को विद्यालयों से जोड़ने तथा उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज में जागरूकता बढ़ाने और बालिकाओं की शिक्षा को प्राथमिकता देने से ही एक समतामूलक और प्रगतिशील समाज का निर्माण संभव है।राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका कुमारी गुड्डी एवं कुमारी निधि ने अपने अपने संबोधन में कहा कि ज़िले में विभिन्न कार्यक्रम के माध्यम से जिले की हजारों महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। उन्होंने बताया कि जीविका दीदियां आज स्वरोजगार, उद्यमिता तथा सामुदायिक नेतृत्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं और अपने परिवार तथा समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि जीविका के माध्यम से महिलाओं को वित्तीय साक्षरता, उद्यमिता विकास, आजीविका संवर्धन तथा सामाजिक जागरूकता से जोड़ा जा रहा है। इससे महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ रहा है और वे निर्णय लेने की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।