शिक्षा विभाग की पुस्तक में निधि चौधरी की संघर्ष गाथा में मिला स्थान
शिक्षा विभाग की पुस्तक में निधि चौधरी की संघर्ष गाथा में मिला स्थान शिक्षा विभाग की पुस्तक में निधि चौधरी की संघर्ष गाथा में मिला स्थान

पोठिया। निज संवाददाता शिक्षा विभाग द्वारा प्रकाशित पुस्तक छोटे कदम बड़े बदलाव में किशनगंज जिले की शिक्षिका कुमारी निधि की प्रेरणादायी जीवन यात्रा को स्थान दिया गया है। यह पूरे जिले के लिए अत्यंत गर्व का विषय माना जा रहा है। इस पुस्तक का विमोचन गुरुवार को एससीईआरटी बिहार, पटना में शिक्षा मंत्री सुनील कुमार तथा अपर मुख्य सचिव बी. राजेन्द्र द्वारा किया गया। उक्त जानकारी देते हुए शाहनवाज रही, जिला अध्यक्ष परिवर्तनकारी प्रारंभिक शिक्षक संघ ने बताया यह पुस्तक सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों के प्रयासों, नवाचारों और शैक्षणिक अनुभवों की वास्तविक कहानियों का संकलन है। इसी कड़ी में पीबीएल प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग कार्यक्रम के जिला तकनीकी समूह की सक्रिय सदस्य कुमारी निधि के कार्यों को भी शामिल किया गया है।
वे अपने नवाचारपूर्ण शिक्षण तरीकों से बच्चों को निरंतर सीखने से जोड़े रखती हैं तथा कक्षाओं को रुचिकर और सहभागितापूर्ण बनाती हैं। बताते चले कि वर्तमान में शिक्षिका कुमारी निधि, प्राथमिक विद्यालय बिरानाबाड़ी में प्रधानाध्यापिका के पद पर पदस्थापित है, जहां वे विद्यालय को दिन-प्रतिदिन बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उनके प्रयासों की झलक समय-समय मीडिया में भी देखने को मिलती रही है। कुमारी निधि ने अपने जीवन में कभी हार नहीं मानी और शिक्षा के प्रसार हेतु ग्रामीण क्षेत्रों को कार्यक्षेत्र के रूप में चुना है,उनका यह समर्पण अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है। वे केवल शिक्षा क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि बाल साहित्य सृजन में भी अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। उनकी अब तक 10 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं, जिनमें साझा संकलन, उपन्यास, कविता संग्रह तथा बाल कथाओं के संकलन शामिल हैं। शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें नेपाल और बांग्लादेश से भी सम्मान प्राप्त हो चुका है। कुमारी निधि ने इस उपलब्धि का श्रेय अपनी पूरी टीम को देते हुए कहा कि यह किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने बताया कि जिला प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग पीबीएल की टीम के सदस्य आनंद कुमार, इन्हेसार राही तथा सत्येंद्र कुमार के साथ मिलकर निरंतर शैक्षणिक नवाचारों पर कार्य किया जा रहा है। टीमवर्क, समर्पण और साझा दृष्टि के कारण ही यह सफलता संभव हो पाई है। कुमारी निधि की यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता की कहानी है, बल्कि यह दर्शाती है कि छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े शैक्षणिक बदलाव का आधार बन सकते हैं। उनकी यात्रा आज अनेक शिक्षकों के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन का कार्य कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



