अधिकारी ने एफआर कार्य का किया निरीक्षण
ठाकुरगंज में जिला पदाधिकारी विशाल राज के निर्देश पर अधिकारियों ने भोगडाबर पंचायत में एफआर कार्य का निरीक्षण किया। किसानों को कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। बिहार सरकार ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए इसे 9 जनवरी से बढ़ाकर 11 जनवरी तक किया है। ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन भी दिया गया।

ठाकुरगंज। निज संवाददाता जिला पदाधिकारी विशाल राज के निर्देश पर शनिवार को अंचल अधिकारी मृत्युंजय कुमार और प्रखंड विकास पदाधिकारी अहमर अब्दाली ने भोगडाबर पंचायत में एफआर (फार्मर रजिस्ट्रेशन) कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी ने किसानों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की। अधिकारी ने बताया कि बिहार सरकार के विशेष अभियान को सफल बनाने के लिए दो दिनों का एक्सटेंशन दिया गया है। मूलत: 9 जनवरी तक निर्धारित यह कार्यक्रम अब 11 जनवरी तक चलेगा। उन्होंने किसानों को रजिस्ट्रेशन कराने की सलाह दी, ताकि सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
निरीक्षण में स्थानीय प्रशासनिक टीम और ग्रामीण भी मौजूद रहे। ठाकुरगंज प्रखंड के विभिन्न विकास कार्यों का शनिवार को उपविकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा और अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार ने निरीक्षण किया। पंचायत सरकार भवन, विवाह मंडप, जनजीवन हरियाली आदि योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया गया। प्रखंड विकास अधिकारी अहमर अब्दाली भी साथ थे। उपविकास आयुक्त ने कार्यों की गुणवत्ता व समयबद्धता पर जोर देते हुए सभी योजनाओं को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए। ग्रामीण समस्याओं के समाधान की सख्त हिदायत दी। अनुमंडल पदाधिकारी ने सड़क निर्माण, जलापूर्ति व स्वच्छता अभियान पर संतोष जताया, लेकिन कुछ स्थानों पर लापरवाही पर चिंता व्यक्त की। प्रखंड विकास अधिकारी ने बताया कि प्रखंड में पंचायत सड़कें, आंगनबाड़ी केंद्र उन्नयन व ग्रामीण पेयजल योजना जैसी दर्जनों परियोजनाएं चल रही हैं। ग्रामीणों ने देरी की शिकायतें दर्ज कराईं, जिस पर अधिकारियों ने शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




