
पूर्व विधायक मुजाहिद आलम राजद में होंगे शामिल
पूर्व विधायक मुजाहिद आलम राजद में होंगे शामिल पूर्व विधायक मुजाहिद आलम राजद में होंगे शामिल पूर्व विधायक मुजाहिद आलम राजद में होंगे शामिल
बिशनपुर, निज संवाददाता। एक समय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेहद करीबी रहे कोचाधामन के पूर्व जदयू विधायक मुजाहिद आलम अब राजद का दामन थामेंगे। गुरुवार की संध्या कोचाधामन के पूर्व विधायक मुजाहिद आलम अपने लोगों के साथ नेता प्रतिपक्ष बिहार विधानसभा सह पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से पटना में मुलाकात की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 जुलाई को कोचाधामन प्रखंड किसान कॉलेज सुंदरबारी में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमें नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव शिरकत करेंगे। इसी कार्यक्रम में पूर्व विधायक मुजाहिद आलम के राजद में आधिकारिक रूप से शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

15 वर्षो तक जेडीयू में रहे मुजाहिद आलम : कोचाधामन के पूर्व विधायक मुजाहिद आलम लगभग 15 वर्षों तक जेडीयू से जुड़े रहे। अपने राजनीतिक गुरु सीमांचल गांधी सह पूर्व केंद्रीय स्व. मो. तस्लीमुद्दीन के साथ पेशे से शिक्षक रहे मुजाहिद आलम जेडीयू में शामिल हुए और वर्ष 2010 का विधानसभा चुनाव कोचाधामन से लड़ा लेकिन इस चुनाव में उन्हें हार मिली। 2014 में हुए उपचुनाव में कोचाधामन से मुजाहिद आलम को जीत मिली और वह पहली बार विधायक बने। वर्ष 2015 में महागठबंधन के बैनर तले मुजाहिद आलम ने जेडीयू प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़े और अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की। वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में जेडीयू उम्मीदवार मुजाहिद आलम को एआईएमआईएम के उम्मीदवार मो. इजहार अस्फी से शिकस्त मिली। लेकिन वह क्षेत्र में बने रहे और पार्टी ने उन्हें 2024 के लोकसभा चुनाव में अपना उम्मीदवार बनाया लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी। कुछ दिनों से जारी राजनीतिक उठापटक के कारण पूर्व विधायक मुजाहिद आलम ने 19 अप्रैल 2024 को वक्फ संशोधन कानून के मुद्दे पर जेडीयू से इस्तीफा दे दिया था। लगभग 03 महीने तक उठे सियासी सवाल कि मुजाहिद आलम किस दल में शामिल होंगे उस पर गुरुवार संध्या मुजाहिद आलम के तेजस्वी यादव से मिलने के बाद विराम लगता दिख रहा है । कोचाधामन विधानसभा सीट पर दिख सकता है असर : कोचाधामन के पूर्व विधायक मुजाहिद आलम के राजद में शामिल होने की स्थिति पर कोचाधामन विधानसभा सीट पर इस वर्ष होने वाले चुनाव को लेकर काफी असर पड़ने की संभावना बन रही है। वर्तमान समय में एआईएमआईएम के टिकट पर चुनाव जीत कर विधायक बने मो. इजहार अस्फी पूर्व में ही राजद में शामिल हो चुके हैं और मौजूदा समय में कुछ दिनों से पार्टी व क्षेत्र में काफी सक्रिय भी दिख रहे हैं। मुजाहिद आलम के राजद में शामिल होने तथा मौजूदा विधायक के पहले से राजद में होने की स्थिति में आगामी विधानसभा चुनाव किसे राजद का टिकट कोचाधामन विधानसभा क्षेत्र से मिलेगा,यह अब क्षेत्र के लोगों के बीच चर्चा का विषय बन चुका है ।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




