साइबर सुरक्षा का पाठ पढ़ाने विद्यालय पहुंची गलगलिया पुलिस
ठाकुरगंज में पुलिस सप्ताह के तहत गलगलिया थाना ने 22 से 27 फरवरी तक साइबर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान स्कूलों में छात्रों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, और डिजिटल सुरक्षा के बारे में जानकारी दी गई। विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार भी दिए गए।

ठाकुरगंज। निज संवाददाता पुलिस सप्ताह के अवसर पर 22 से 27 फरवरी तक चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान के तहत गलगलिया थाना पुलिस टीम ने सोमवार को 2 विद्यालय गलगलिया में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने किया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस विशेष अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया के दुरुपयोग तथा डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। थानाध्यक्ष ने बच्चों को समझाया कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपनी निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा संदिग्ध कॉल आने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
कार्यक्रम को रोचक बनाने के उद्देश्य से पेंटिंग, रंगोली, क्विज, कबड्डी एवं दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों ने न केवल उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई, बल्कि साइबर सुरक्षा से जुड़े सवालों के सटीक उत्तर देकर अपनी समझ का प्रदर्शन भी किया। चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने “सुरक्षित इंटरनेट, सुरक्षित भविष्य” जैसे संदेशों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर थानाध्यक्ष ने कहा कि डिजिटल युग में बच्चों को जागरूक बनाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे स्वयं सुरक्षित रहें और अपने परिवार व समाज को भी साइबर अपराध से बचाने में सहयोग कर सकें। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के बारे में नियमित रूप से मार्गदर्शन दें। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्रधानाध्यापक अर्जुन पासवान सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


