
किशनगंज में बुलडोजर ऐक्शन पर बवाल, अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला; अमीन को चाकू मारा
किशनगंज में मंगलवार को अतिक्रमण हटाने गई नगर परिषद की टीम पर स्थानीय लोगों ने धावा बोल दिया। भीड़ के हमले में अमीन, जेसीबी चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। बुलडोजर को भी लोगों ने क्षतिग्रस्त कर दिया।
बिहार में जारी बुलडोजर ऐक्शन के बीच अतिक्रमणकारियों की पुलिस एवं प्रशासन की टीम से भिड़ंत हो रही है। ताजा मामला किशनगंज से आया है। यहां सदर थाना क्षेत्र के खगड़ा स्थित कालू चौक मेला ग्राउंड में मंगलवार को अतिक्रमण हटाने के दौरान स्थानीय लोगों ने जमकर बवाल काटा। आक्रोशित लोगों ने अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर परिषद की टीम पर हमला बोल दिया। अमीन पर चाकू जैसे धारदार हथियार से वार किया गया।
अचानक हुए इस हमले में नगर परिषद के अमीन कमलेश कुमार, बुलडोजर जेसीबी चालक कृपा कुमार और ट्रैक्टर चालक नदीम घायल हो गए। तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले में जेसीबी भी क्षतिग्रस्त हो गई। टीम अतिक्रमण हटाने में जुटी थी, तभी विरोध जताते हुए भीड़ ने रोड़ेबाजी शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भीड़ इतनी आक्रोशित थी कि जेसीबी चालक किसी तरह वाहन लेकर मौके से जान बचाकर भाग पाया। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि अमीन पर धारदार हथियार से वार किया गया, जिससे उनकी पीठ पर गंभीर जख्म आए हैं। जेसीबी चालक के हाथ और पैरों में चोटें आई हैं, जबकि ट्रैक्टर चालक भी घायल है। घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध है, जिसके आधार पर हमलावरों की पहचान कर प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है।
पक्षपात का आरोप, पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों का कहना था कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में पक्षपात किया जा रहा है। उनका आरोप था कि कुछ अतिक्रमणकारियों के घरों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बसे कई घरों को छोड़ा जा रहा है। इसी आक्रोश में भीड़ भड़क गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही एसपी सागर कुमार के निर्देश पर सदर थाना की पुलिस टीम अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंची और नगर परिषद की टीम व वाहनों को सुरक्षित बाहर निकाला। एसपी ने बताया कि अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलते ही मामले में प्राथमिकी दर्ज कर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत बिहार में राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं पर गहराई से नजर रखते हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दे पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। जयेश मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं और लाइव हिन्दुस्तान में 4 साल से बिहार टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले ईटीवी भारत, इंडिया न्यूज, वे2न्यूज और टाइम्स ऑफ इंडिया में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। समाचार लेखन के अलावा साहित्यिक पठन-लेखन में रुचि है।
और पढ़ें



