खान सर कोचिंग सेंटर बवाल में ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद गए जेल, बोले- मेरे साथ साजिश हुई
खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर तोड़फोड़ और मारपीट के मामले में पटना पुलिस ने ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद उर्फ रौशन सर समेत 3 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। रौशन आनंद ने कहा कि उनके खिलाफ साजिश हुई है।

पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर हुए बवाल में पुलिस ने ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी के दौरान रौशन आनंद उर्फ रौशन सर ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि उनके खिलाफ साजिश हुई है। रौशन के अलावा उनके दो साथी गौरव और अभिषेक को भी जेल भेजा गया है। खान सर के कोचिंग सेंटर के मैनेजर कन्हैया सिंह की शिकायत पर कदमकुआं थाने में एफआईआर दर्ज की गई। इसमें तोड़फोड़, मारपीट के आरोप में 4 लोगों को नामजद और 15-20 लोगों को अज्ञात आरोपी बनाया गया है।
एफआईआर दर्ज करने के बाद पटना पुलिस की टीम ने रौशन आनंद को उनके आवास से गिरफ्तार किया। इसके बाद रौशन सर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बिहार पुलिस सिपाही भर्ती के रिजल्ट को लेकर उनके खिलाफ साजिश की गई। उनके कोचिंग सेंटर ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी को बदनाम करने के लिए यह साजिश रची गई। उन्होंने कहा कि एक भी गोली नहीं चली, लेकिन वो (खान सर) फायरिंग की बात बोल रहे हैं।
पुलिस बोली- फायरिंग नहीं हुई
पटना के सदर एसडीपीओ-1 राजेश रंजन ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि पुलिस को मंगलवार रात करीब 10.10 बजे खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान पर पथराव और फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया, तो फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई।
वहीं, देर रात में खान सर ने भी मीडिया से बातचीत में 8-10 राउंड गोलियां चलने की बात कही थी। मगर बाद में वह अपने बयान से पलट गए और कहा कि गोलीबारी नहीं हुई।
इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें कुछ युवक खान सर के कोचिंग सेंटर पर तोड़फोड़ और पथराव करते हुए नजर आ रहे हैं। इनमें से कुछ ने चेहरे पर मास्क लगा रखा है। पुलिस का कहना है कि बवाल करने वाले लोगों की पहचान कर दी गई है। उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
वहीं, खान सर की ओर से आरोप लगाया गया है कि ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद के कहने पर ही उनके कोचिंग सेंटर पर तोड़फोड़ की गई। मारपीट में गार्ड को बुरी तरह घायल कर दिया गया।
कोचिंग संचालकों में प्रतिस्पर्धा से अदावत
स्थानीय चर्चाओं के आधार पर कहा जा रहा है कि पटना में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले दो प्रमुख कोचिंग संस्थानों के बीच अदावत का यह पूरा मामला है। खान सर के खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर और रौशन सर की ज्ञान बिंदु एकेडमी के बीच लंबे समय से प्रतिस्पर्धा चल रही थी। पटना के एक और मशहूर कोचिंग टीचर गुरु रहमान ने भी हाल ही में जारी हुए बिहार पुलिस सिपाही भर्ती के रिजल्ट में पास हुए अभ्यर्थियों की खरीद-बिक्री के चलते यह बवाल होने का दावा किया है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


