खान सर के गार्ड ने ही की फायरिंग? ज्ञान बिंदू कोचिंग ने VIDEO दिखा कर दिया दावा

Nishant Nandan लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

Khan Sir Coaching: खान सर के कोचिंग सेंटर के पास हुए तोड़फोड़ और बवाल के बाद अब फायरिंग के आरोप खान सर के ही बॉडीगार्ड पर लग रहे हैं। ज्ञान बिंदू एकेडमी ने एक वीडियो शेयर कर बड़ा दावा कर दिया है। 

खान सर के गार्ड ने ही की फायरिंग? ज्ञान बिंदू कोचिंग ने VIDEO दिखा कर दिया दावा

Khan Sir Coaching: पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुए हमले के मामले ने अब एक नया मोड़ ले लिया है। दरअसल ज्ञान बिंदू कोचिंग की ओर से एक वीडियो जारी किया गया है जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि फायरिंग खान सर के कोचिंग सेंटर के दो सुरक्षा गार्डों ने की थी। इस कथित वीडियो में खान सर का फटा हुआ पोस्टर, टूटा हुआ गेट और बिहार पुलिस सम्मान समारोह का बैनर नजर आ रहा है। जिससे घटना को लेकर अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं। इससे पहले इस घटना को लेकर खान सर ने पहले दूसरे पक्ष पर फायरिंग का आरोप लगाया था लेकिन बाद में उन्होंने इस आरोप को वापस ले लिया था। अब यह जो नया वीडियो सामने आया है उसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल कोचिंग सेंटर के पास 2 जून की रात करीब 10 बजे जमकर बवाल हुआ था। इस हंगामे का जो नया वीडियो सामने आया है उसे लेकर कुछ मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो कुल 38 सेकेंड का है। कथित वीडियो में नजर आ रहा है कि कोचिंग सेंटर के बाहर कई लोग मौजूद हैं। इस बीच एक शख्स बंदूक को लोड करता है और फिर फायरिंग कर देता है। फायरिंग करने वाला शख्स खान सर का बॉडीगार्ड बताया जा रहा है लेकिन अभी इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई है। लाइव हिन्दुस्तान इस वीडियो की कतई पुष्टि नहीं करता है।

रौशन आनंद ने लगाए संगीन इल्जाम

पुलिस ने जिन तीन लोगों को गिरफ्तार किया है उनमें ज्ञान बिंदू के डायरेक्टर रौशन आनंद, अभिषेक और गौरव शामिल हैं। रौशन आनंद ने मीडिया से बातचीत में कह है कि उनके और उनके कोचिंग संस्थान के खिलाफ बहुत बड़ी साजिश हो रही है। रौशन आनंद ने सीधे खान सर पर षड्यंत्र रचने का आरोप लगायाा है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि ऐसा बिहार पुलिस में इतनी संख्या में हुई रिजल्ट की वजह से हो रहा है।

खान सर ने कही थी फायरिंग की बात फिर मुकरे

बता दें कि मंगलवार को कोचिंग सेंटर में तोड़फोड़ और रोड़ेबाजी के बाद खान सर ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि करीब 10 राउंड फायरिंग तो उन्होंने अपनी आंखों से देखा था। इस दौरान अफरातफरी का माहौल बन गया था। इसी के साथ खान सर ने पास ही स्थित ज्ञान बिंदू जी.एस एकेडमी पर तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया था। खान सर ने कहा था कि वो कम फीस लेकर छात्रों को पढ़ाते हैं और यहीं बात दूसरे कोचिंग सेंटर को पसंद नहीं थी।

इसके बाद बुधवार को खान सर जब दोबारा मीडिया के सामने आए तो वो फायरिंग की बात से पलट गए। खान सर ने कहा कि उस वक्त स्थिति तनावपूर्ण थी और हमको समझ नहीं आया। उन्होंने कहा कि गार्ड ने जो बताया था वहीं बात हमने कही थी। खान सर ने बताया था कि पुलिस इस मामले में गहनता से जांच कर रही है और वो इस जांच से संतुष्ट हैं।

प्रतिस्पर्धा की लड़ाई में दो संस्थानों के लोग भिड़े

बता दें कि इस पूरे मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इसी इलाके के ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के निदेशक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में गिरफ्तार तीनों के अलावा एक अन्य भी नामजद है, जबकि 20 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी भी दर्ज की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान और ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान में प्रतिस्पर्धा की लड़ाई है। दोनों सफल छात्रों को लेकर दावे करते हैं। इससे विवाद पैदा हुआ। पिछले कई दिनों से दोनों संस्थानों के कर्मियों के बीच टकराव की स्थिति थी। मंगलवार को इसी को लेकर पथराव भी हुआ।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।