Khan Sir FIR News: खान सर ने ना सरेंडर किया, ना अग्रिम जमानत की अर्जी लगाई; अब आगे क्या?
Khan Sir FIR News: मशहूर कोचिंग शिक्षक खान सर ने आज पटना सिविल कोर्ट में ना सरेंडर किया और ना ही उनके वकील की ओर से अग्रिम जमानत के लिए कोई याचिका दायर की गई। पूरे दिन कोर्ट परिसर में गहमागहमी रही। पुलिस बल की तैनाती रही। फायरिंग केस में पटना पुलिस उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में है।
Khan Sir FIR News: खान सर के फायरिंग केस में सरेंडर पर सस्पेंस खत्म हो गया है। उनके वकील ने कहा है कि खान सर सरेंडर नहीं करेंगे। उनकी ओर से पटना सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की जाएगी। आज का कोर्ट का समय खत्म हो चुका है, अब सोमवार को उनकी ओर से पिटीशन आने की संभावना है। आर्म्स एक्ट और हत्या की कोशिश की धाराओं में केस दर्ज होने के बाद कल उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए थे। खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर के बाहर हुई फायरिंग मामले की एफआईआर में पटना पुलिस ने खान सर को नामजद किया हुआ है। पटना पुलिस ने रात भर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की, लेकिन उनका कोई अता-पता नहीं था। पटना सिविल कोर्ट में आज खान सर के सरेंडर की चर्चा पर पूरे दिन गहमागहमी रही, भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती भी हुई।
बिहार पुलिस सिपाही भर्ती का रिजल्ट आने के बाद खान सर का अपने प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान ज्ञान बिंदु एकेडमी से विवाद हुआ था। मंगलवार देर रात को खान सर के कोचिंग सेंटर पर तोड़फोड़ और पथराव हुआ था। उस मामले में ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत 3 को गिरफ्तार किया गया। अगले दिन ज्ञान बिंदु ने उसी रात का एक वीडियो जारी किया, जिसमें खान सर के दो बॉडीगार्ड हवा में फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने वीडियो की सत्यता जांच कर दोनों गार्ड को गिरफ्तार कर लिया। अब खान सर के भी इसी मामले में जेल जाने का खतरा मंडरा रहा है।
खान सर का असली नाम क्या है ?
खान सर मूलरूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया के रहने वाले हैं। उनका असली नाम फैजल खान है। लंबे समय से वह पटना में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को पढ़ाते हैं। उनके कोचिंग सेंटर का नाम खान ग्लोबल स्टडीज एकेडमी है।
पटना कोचिंग फायरिंग मामले में पुलिस का क्या बयान है?
पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर फायरिंग मामले में पुलिस के बयान पर भी सवाल उठ रहे हैं। पटना पुलिस ने 2 जून के बयान में गोलीबारी की बात से इनकार किया था। 4 जून को जब फायरिंग का वीडियो सामने आया, तो पुलिस ने उसमें दिख रहे खान सर के दोनों गार्ड को गिरफ्तार कर लिया। दूसरी एफआईआर में फायरिंग की पुष्टि पुलिस ने कर दी। खान सर और उनके दोनों गार्ड को आरोपी बनाया गया।
क्या खान सर भी अरेस्ट हो सकते हैं?
दोनों गार्ड के कबूलनामे के बाद कदमकुआं थाने में खान सर उर्फ फैजल खान के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज है। उन पर हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज हुआ है। उन पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। अगर खान सर कोर्ट का रुख करते हैं और उन्हें वहां से कोई राहत नहीं मिलती है, तो गिरफ्तारी तय है।
ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद क्यों गिरफ्तार हुए?
2 जून की रात खान एकेडमी के बाहर तोड़फोड़, पथराव एवं गार्ड से मारपीट की गई थी। इसका सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था। खान एकेडमी के मैनेजर ने ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद 3 जून को पुलिस ने रौशन सर समेत 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया था।
खान सर के सरेंडर की अफवाह पर पूरे दिन रही गहमागहमी
सुबह 10 बजे खान सर के सरेंडर करने की अचानक अफवाह फैल गई। पुलिस पदाधिकारी हरकत में आ गए। पटना सिविल कोर्ट की सुरक्षा कड़ी कर दी गई। फोर्स तैनात हुई। इसके बाद दोपहर में खान सर के वकील ने सरेंडर की बात को खारिज कर दिया। फिर दो बजे पुलिसकर्मी वहां सिविल कोर्ट से लौट गए।
पुलिस बोली- कोचिंग संस्थानों की लड़ाई में ना पड़ें स्टूडेंट्स
पुलिस की ओर से कहा गया है कि पिछले दो दिनों से देखा जा रहा है कि दो कोचिंग संस्थानों के बीच लड़ाई होने के बाद छात्र भी बंट गए हैं। कोचिंग संस्थान छात्रों को आगे कर अपना हित साध रहे हैं। बच्चों को ऐसा नहीं करना चाहिए। जो कानूनी प्रक्रिया है उसी के अनुसार दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। कोचिंग संस्थानों की आपसी लड़ाई में ना उलझें और सिर्फ अपनी पढ़ाई करें। पुलिस ने अभिभावकों से भी कहा है कि वे अपने बच्चों को किसी तरह के धरना प्रदर्शन में नहीं जाने दें।
खान सर की गिरफ्तारी पर बढ़ा सस्पेंस
कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग मामले में खान सर की गिरफ्तारी पर सस्पेंस बढ़ गया है। पटना पुलिस ने कल गिरफ्तारी की कोशिश की थी लेकिन कामयाब नहीं हो पाई थी। आज खान सर के सिविल कोर्ट में सरेंडर की चर्चा होने लगी। कोर्ट के बाहर पुलिस फोर्स भी तैनात की गई। मगर वह सरेंडर के लिए नहीं पहुंचे। खान सर के वकील ने कहा कि सोमवार को अग्रिम जमानत की याचिका लगाई जाएगी। अब इन दिनों में पुलिस खान सर को गिरफ्तार करेगी या नहीं, इस पर पुलिस की तरफ से कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस अधिकारी भी मामले पर कुछ खुलकर नहीं बता रहे हैं।
खान सर की अग्रिम जमानत याचिका आज नहीं आई, अब सोमवार को कोर्ट में पिटीशन लगाएंगे?
खान सर उर्फ फैजल खान की ओर से अग्रिम जमानत याचिका पटना सिविल कोर्ट में आज दाखिल नहीं हो पाई। दोपहर में 1.30 बजते ही अदालत का समय समाप्त हो गया। खान सर के वकील ने कहा था कि वह पिटीशन लगाएंगे। अब कयास लगाए जा रहे हैं कि वकील सोमवार को सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दायर कर सकते हैं। खान सर पर कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग केस में एफआईआर हुई है। उनके आज कोर्ट में सरेंडर करने की अटकलें चल रही थीं, लेकिन वकील ने इस बात से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि पिटीशन ऑनलाइन भी फाइल हो सकती है, कोर्ट में आने की जरूरत नहीं है।
खान सर कोर्ट में सरेंडर नहीं करेंगे
खान सर के वकील अरविंद कुमार मउआर ने सरेंडर की बात को गलत बताया। उन्होंने कहा कि वह कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल करेंगे। खान सर कोर्ट में सरेंडर नहीं करेंगे। इसका सवाल ही नहीं उठता है, क्योंकि वह निर्दोष हैं।
खान सर की ओर से अग्रिम जमानत याचिका दायर होगी
गिरफ्तारी की आशंका के मद्देनजर सरेंडर से पहले खान सर ने पटना सिविल कोर्ट में जमानत के लिए याचिका दायर की जाए। उनके वकील ने कहा कि खान सर का नाम डिस्क्लोजर स्टेटमेंट के आधार पर केस में जोड़ा गया है। उन्हें फंसाया गया है।
सिविल कोर्ट के सभी गेट पर पटना पुलिस मुस्तैद
पटना पुलिस ने खान सर को गिरफ्तार करने की तैयारी कर रखी है। सिविल कोर्ट के हर गेट पर पुलिस के जवान मुस्तैद हैं। कोर्ट परिसर में सादे लिवास में पुलिसकर्मी गश्त लगा रहे हैं।
सिविल कोर्ट के पटना पुलिस तैनात
पटना पुलिस खान सर को गिरफ्तार करना चाहती है जबकि, खान सर सरेंडर करना चाहते हैं। सिविल कोर्ट में सादे लिवास में पटना पुलिस के जवान और अधिकारी तैनात हैं।
अग्रिम जमानत के आसार नहीं
खान सर पर पटना के कदमकुआं थाने में आर्म्स ऐक्ट और हत्या की कोशिश की धाराओं में केस दर्ज है। कानून के जानकारों का कहना है कि इस मामले में खान सर की गिरफ्तारी होगी या उन्हें सरेंडर करना पड़ेगा। उन्हें अग्रिम जमानत मिलने के आसार नहीं हैं।
किसी भी वक्त सरेंडर कर सकते हैं खान सर
कोचिंग सेंटर पर हमला तोड़फोड़ के बाद फायरिंग केस में फंसे खान सर के सरेंडर करने की चर्चा तेज हो गई है। कहा जा रहा है कि खान सर कभी भी कोर्ट पहुंचकर सरेंडर कर सकते हैं। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश बढ़ा दिया है।
कोर्ट में सरेंडर कर सकते हैं खान सर
रात भर के हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद कोचिंग टीचर खान सर के कोर्ट में सरेंडर करने की तैयारी की खबर आ रही है। वे कभी भी कोर्ट पहुंच सकते हैं। खान सर के छात्र अभी भी कोचिंग सेंटर के पास जमे हैं। पटना पुलिस रातभर आती जाती रही।
आज क्लास लेंगे खान सर?
फायरिंग मामले में खान सर की गिरफ्तारी के लिए पटना पुलिस कार्रवाई कर रही है। हजारों छात्र उनके कोचिंग सेंटर के बाहर रात से ही डटे हैं। इस बीच खबर मिल रही है कि खान सर आज भी क्लास लेंगे। हालांकि, एक जानकारी यह भी है कि गिरफ्तारी की आशंका के बीच खान सर भूमिगत हो गए हैं।
वकीलों की सलाह ले रहे खान सर?
खान सर पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। इस बीच वे अंडरग्राउंड हो गए हैं। सूत्रों से जानकारी मिली है कि वे अपने वकीलों से कानूनी सलाह ले रहे हैं। पटना पुलिस ने उनके कोचिंग के बाहर तैनाती बढ़ा दी है। बड़ी संख्या में छात्र भी खान सर के समर्थन में डटे हुए हैं।
खान सर के कोचिंग पर पुलिस की संख्या बढ़ाई गई
खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर पुलिस बलों की तैनाती बढ़ा दी गयी है। रात भर वहां छात्र डटे रहे। आज खान सर को गिरफ्तारी की जा सकती है। सुरक्षा कर्मियों की ओर से फायरिंग का वीडियो आने के बाद खान सर के खिलाफ कदमकुआं थाने में एफआईआर दर्ज कर लिया गया है। गार्ड ने पुलिस को बताया कि खान सर के आदेश पर उन्होंने गोली चलाई थी। बीएनएसएस की गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
रात भर डटे रहे छात्र, पुलिस आती जाती रही
कोचिंग गुरु फैसल खान उर्फ खान सर की गिरफ्तारी की आशंका के मद्देनजर उनके कोचिंग सेंटर के बाहर रात भर छात्र डटे रहे। इस बीच पुलिस की गाड़ी कई बार आई और चली गई। उनकी गिरफ्तारी का छात्र विरोध कर रहे हैं।
खान सर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस आज फिर करेगी प्रयास
पटना में दो कोचिंग इंस्टिट्यूट के बीच विवाद, तोड़फोड़ और फायरिंग मामले में खान सर की कभी भी गिरफ्तारी हो सकती है। शुक्रवार को पुलिस ने इसके लिए प्रयास किया था पर कोचिंग के सामने खान सर के छात्रों की मौजूदगी की वजह से कार्रवाई नहीं हो सकी। आज पुलिस इसके लिए फिर प्रयास करेगी।
खान सर कभी भी गिरफ्तार हो सकते हैं
देश के चर्चित कोचिंग टीचर और खान ग्लोबल स्टडिज के संचालक फैजल खान सर की गिरफ्तारी कभी भी हो सकती है। पटना पुलिस इसकी रणनीति बना रही है।
खान सर के गिरफ्तार होने की फैली अफवाह
खान सर की गिरफ्तारी की आशंका को लेकर चल रही गहमागहमी के बीच अफवाहों का दौर भी चरम पर है। पटना के मुसल्लहपुर में खान सर के कोचिंग सेंटर के आसपास कुछ छात्र अफवाह फैला रहे हैं कि खान सर गिरफ्तार हो गए हैं। हालांकि, फिलहाल गिरफ्तारी की कोई सूचना पुलिस की ओर से नहीं दी गई है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
खान सर को खोज रही पुलिस, लेकिन अता-पता नहीं, कल कर सकते हैं सरेंडर
कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग मामले में पुलिस खान सर को खोज रही है। वह पटना के मुसल्लहपुर स्थित कोचिंग सेंटर पर नहीं हैं। दोपहर में पुलिस वहां गई थी। अभी उनका कोई अता-पता नहीं है। कदमकुआं थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज है। पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर सकती है। कयास लगाए जा रहे हैं कि गिरफ्तारी से बचने के लिए खान सर कल सीधे कोर्ट में सरेंडर कर दें। पुलिस को आशंका है कि अगर उन्हें दिन में गिरफ्तार किया जाता, तो छात्र-छात्राएं बवाल कर कसते थे। इसलिए पुलिस इस मामले में संवेदनशील तरीके से सोच-समझकर कदम उठा रही है।
खान सर का पुराना वीडियो वायरल, छात्रों को दे रहे गिरफ्तारी से बचने का ज्ञान
कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग मामले में खान सर उर्फ फैजल खान पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। इस बीच उनका एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह क्लासरूम के अंदर छात्र-छात्राओं को गिरफ्तारी से बचने के तरीके बता रहे हैं। खान सर इसमें कहते हुए नजर आ रहे हैं कि अगर एफआईआर दर्ज हो गई है, तो पुलिस के पास मत जाइए, बल्कि सीधे जज साहब के पास जाओ और वकील के माध्यम से अग्रिम जमानत की याचिका दायर कर लें।
पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर भारी पुलिस फोर्स पहुंची है। कई थानों के पुलिस कर्मी को यहां तैनात किया गया है। खान सर की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है। कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्हें किसी भी समय अरेस्ट किया जा सकता है। इसको लेकर दोपहर से गहमागहमी का माहौल बना हुआ है। शाम में खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर छात्र-छात्राओं की भीड़ भी जमा हो गई थी।
खान सर को गिरफ्तार करो, रौशन आनंद को रिहा करो; दिलीप कुमार की मांग
बिहार के चर्चित छात्र नेता दिलीप कुमार ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद को रिहा करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पटना पुलिस ने रौशन सर को हड़बड़ी में गिरफ्तार किया। ऐसा लगता है कि यह सब सुनियोजित था। उन्होंने आरोप लगाया कि पटना पुलिस खान सर के इशारे पर काम कर रही है। उन्होंने खान सर को तुरंत गिरफ्तार जेल भेजने की भी मांग की। उनके गार्ड ने फायरिंग की है। पुलिस किसके इशारे पर काम कर रही यह सवाल उठ रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने पेपर लीक में संलिप्त कोचिंग शिक्षकों पर कार्रवाई का अनुरोध किया है।
किसी भी समय गिरफ्तार हो सकते हैं खान सर
कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग मामले में खान सर की गिरफ्तारी हो सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इसके लिए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया है। जिला जांच इकाई को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। टीम कभी भी खान सर को गिरफ्तार करने पहुंच सकती है। 2 जून की रात विरोधी कोचिंग सेंटर ज्ञान बिंदु से हुए विवाद में खान सर के दो गार्ड गोलीबारी करते नजर आए थे, उनका वीडिया दो दिन बाद वायरल हुआ था। पुलिस ने दोनों गार्ड को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
खान सर और रौशन सर विवाद में पप्पू यादव बोले- प्रतिस्पर्धा बुरी नहीं
खान सर और रौशन आनंद सर विवाद पर पूर्णिया सांसद पप्पू यादव का बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा, "सभी संस्थाओं में ऐसे लोगों को प्रवेश हो चुका है, जो अच्छे इंस्टीट्यूट को बर्बाद करने में लगे रहते हैं। बड़ी-बड़ी घटनाएं, घोटाले हो रहे हैं। प्रतिस्पर्धा होना कोई गुनाह नहीं है। एक टीचर का ग्लोबल स्तर पर इज्जत है। दूसरे शिक्षक ने 5-6 सालों में यूपी-बिहार के लोगों के बीच ज्ञान को ले गए। दोनों शिक्षकों के ज्ञान पर कोई सवाल नहीं। उनकी प्रतिस्पर्धा पर कोई सवाल नहीं है। मगर लोग जिस तरह से उनके मजे ले रहे हैं। उन्हें लड़ाया जा रहा है। दोनों शिक्षकों को क्रिमिनल की तरह व्यवहार नहीं करना चाहिए। मारपीट और गोली चलाने में ना रौशन सर थे और ना ही खान सर थे। खान सर के गार्ड ने गोली चलाई। रौशन कहीं नहीं थे, उनको जेल भेज दिया गया।"
कोचिंग टीचर के बॉडीगार्ड पर सवाल उठाते हुए पप्पू यादव ने कहा कि एक शिक्षक को बाउंसर रखने की कहां जरूरत है। इनके बीच अहंकार की लड़ाई हो रही है। पैसे पर कोई विवाद नहीं है।
खान सर के कोचिंग सेंटर पहुंची पुलिस, स्टूडेंट्स का हुजूम
खान सर के कोचिंग सेंटर पर पटना पुलिस की टीम पहुंची है। मुसल्लहपुर स्थित खान ग्लोबल स्टडीज एकेडमी के बाहर छात्र-छात्राओं की भीड़ जमा है। टीवी रिपोर्ट्स के अनुसार, मौके पर हंगामे की स्थिति हो गई है। रौशन आनंद के कोचिंग सेंटर ज्ञान बिंदु के स्टूडेंट्स भी बड़ी संख्या में मौजूद हैं। दोनों पक्षों के बीच टकराव होने की आशंका जताई जा रही है। स्टूडेंट्स के द्वारा नारेबाजी की जा रही है। पुलिस हालात को काबू में करने की कोशिश कर रही है। खान सर अपने कोचिंग सेंटर में हैं या नहीं, अभी साफ नहीं हो पाया है। 2 जून की रात को दोनों कोचिंग सेंटर के बीच हुए बवाल में रौशन सर को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब खान सर के खिलाफ भी फायरिंग मामले में एफआईआर हुई है, उनकी भी जल्द गिरफ्तारी की संभावना है।
खान सर पर एफआईआर में पुलिस ने लगाई ये धाराएं
खान सर उर्फ फैजल खान के खिलाफ पटना के कदमकुआं थाने में फायरिंग मामले की जो एफआईआर दर्ज की गई है, उसमें ये धाराएं लगाई गई हैं-
धारा 109, भारतीय न्याय संहिता- हत्या का प्रयास, दोष सिद्ध होने पर अधिकतम सजा 10 साल और जुर्माना, गिरफ्तारी पर जमानत कोर्ट से ही मिलती है
धारा 25(9), आर्म्स एक्ट- असावधानीपूर्वक फायरिंग, अधिकतम 2 साल की सजा (जमानती धारा है)
धारा 35, आर्म्स एक्ट- परिसर में हथियार रखने पर
धारा 27- आर्म्स एक्ट- हथियार का इस्तेमाल करना, फायरिंग
खान सर की गिरफ्तारी के लिए शाम ढलने का इंतजार?
कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग मामले में खान सर की गिरफ्तारी की सुगबुगाहट तेज है। खान सर उर्फ फैजल खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है। संभावना जताई जा रही है कि उनकी गिरफ्तारी के लिए शाम ढलने का इंतजार हो रहा है। खान सर के अरेस्ट होने पर कहीं कोचिंग स्टूडेंट्स बेकाबू ना हो जाए, इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस पदाधिकारी कोई भी ऐक्शन उठाएंगे। पुलिस टीम फिलहाल इस मामले पर कुछ भी खुलकर बोलने से बच रही है। पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने भी थोड़ी देर पहले मीडिया से बातचीत में खान सर गिरफ्तार होंगे या नहीं, इस पर कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया। दरअसल, तमाम कोचिंग सेंटर में शाम 5 बजे के बाद छुट्टी होना शुरू हो जाती है। दिन ढलने के बाद स्टूडेंट्स अपने-अपने घर, पीजी या किराये के कमरों की और लौट जाएंगे। कयास लगाए जा रहे हैं कि इसी के बाद पुलिस खान सर को गिरफ्तार करेगी।
खान सर की गिरफ्तारी पर क्या बोले पटना के एसएसपी?
पटना पुलिस के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जो लोग वीडियो में फायरिंग करते हुए दिख रहे हैं, उन्हें जेल भेजा गया है। खान सर की गिरफ्तारी को लेकर उन्होंने कहा कि जो भी जांच में सामने आएगा, जो सबूत मिलेंगे, उसके आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी। सूत्रों के अनुसार, एसएसपी ने इस मामले पर वरीय अधिकारियों के साथ आज बैठक भी की।
Khan Sir LIVE: खान सर ने ही गार्ड को गोली चलाने का आदेश दिया, एफआईआर में क्या-क्या लिखा?
Khan Sir LIVE: 2 जून की रात को खान जीएस एकेडमी के बाहर हुए बवाल के दौरान खान सर ने ही अपने दोनों गार्ड को गोली चलाने का आदेश दिया था। कदमकुआं थाने में दर्ज एफआईआर में यह बात सामने आई है। दोनों गार्ड ने पुलिस को यह बात बताई। एफआईआर में फैजल खान को भी नामजद किया गया है।
Khan Sir LIVE: खान सर की गिरफ्तारी के लिए कोचिंग टाइम खत्म होने का इंतजार?
Khan Sir LIVE: फायरिंग मामले में खान सर के खिलाफ एफआईआर होने के बाद उनकी गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है। पटना पुलिस उन्हें किसी भी समय गिरफ्तार कर सकती है। कयास लगाए जा रहे हैं कि कोचिंग टाइम खत्म होने के बाद पुलिस कोई ऐक्शन ले सकती है। इस बीच पुलिस ने छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे कोचिंग सेंटर की प्रतिस्पर्धा में किसी के बहकावे में ना आएं। अगर कानून व्यवस्था बिगड़ी तो उचित कार्रवाई की जाएगी।
Khan Sir LIVE: अपने कोचिंग सेंटर में नहीं हैं खान सर
Khan Sir LIVE: फैजल खान फिलहाल अपने कोचिंग संस्थान में नहीं हैं। बताया जा रहा है कि सुबह वह कोचिंग के बच्चों को पढ़ाने आए थे। उन्होंने क्लास भी ली थी। इस दौरान उन्होंने स्टूडेंट्स के सामने फायरिंग मामले पर अपनी बात रखी थी। एफआईआर होने से पहले ही वह कोचिंग से निकल गए थे। पटना पुलिस ने दोपहर में खान सर को नामजद किया। उन पर अब गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। कोचिंग सेंटर के बाहर कुछ स्टूडेंट्स भी जमा हैं और तरह-तरह की चर्चा हो रही है। हालांकि, माहौल शांतिपूर्ण है।
Khan Sir LIVE: खान सर की मौजूदगी में गार्ड ने चलाई गोली, कोर्ट ना रोके तो गिरफ्तारी तय
Khan Sir LIVE: खान सर के खिलाफ एफआईआर में हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराएं लगी हैं। कोर्ट से अग्रिम जमानत या गिरफ्तारी पर रोक जैसी राहत नहीं मिलती है तो गैर-जमानती धारा होने के कारण खान सर की गिरफ्तारी तय है। पटना पुलिस ने स्टूडेंट्स से शांति बनाए रखने की अपील की है, जिससे संकेत मिलता है कि पुलिस कोचिंग का समय खत्म होने के बाद देर शाम तक खान सर को अरेस्ट करने की तैयारी में है।
Khan Sir LIVE: खान सर मामले में पटना पुलिस की हाईलेवल बैठक
Khan Sir LIVE: खान सर कोचिंग फायरिंग मामले में पटना पुलिस की हाईलेवल बैठक हुई है। टीवी रिपोर्ट्स के अनुसार, पटना के एसएसपी, सिटी एसपी, डीएसपी ने बैठक कर आगे की कार्रवाई पर बातचीत की है। पटना के आईजी भी मामले पर नजर बनाए हुए हैं और अधिकारियों को निर्देश दे रहे हैं। खान सर का नाम एफआईआर में आ गया है, तो उन्हें किसी भी वक्त गिरफ्तार किया जा सकता है। दो कोचिंग सेंटर के प्रतिस्पर्धा की लड़ाई में स्टूडेंट्स के भड़कने की भी आशंका पुलिस-प्रशासन को लग रही है। पटना पुलिस ने छात्रों से कानून को हाथ में ना लेने और किसी के बहकावे में ना आने की अपील की है।
Khan Sir LIVE: पटना पुलिस कोचिंग स्टूडेंट्स से बोली- किसी के बहकावे में नहीं आएं
Khan Sir LIVE: पटना पुलिस ने बयान जारी कर कोचिंग स्टूडेंट्स से किसी के बहकावे में नहीं आने की अपील की है। मध्य सिटी एसपी ने कहा कि खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर हुए बवाल में पुलिस ने दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की है। खान सर के दो गार्ड को गिरफ्तार किया गया। पुलिस सबूतों को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई करेगी। छात्र-छात्राओं से अपील है कि कोचिंग सेंटर की प्रतिस्पर्धा में किसी के बहकावे में ना आएं। अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
Khan Sir Arrest LIVE: कानूनी विकल्प तलाश रहे खान सर, वकीलों से बात
Khan Sir Arrest LIVE: खान सर गिरफ्तारी से बचने के लिए कानूनी विकल्प तलाश रहे हैं। टीवी रिपोर्ट्स के अनुसार खान सर ने वकील से बात की है। उनके खिलाफ हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज हुआ है। सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए खान सर कोर्ट का रुख भी कर सकते हैं। कोर्ट से अगर उन्हें अग्रिम जमानत मिल जाती है, तो पटना पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाएगी। हालांकि, अगर वह अग्रिम जमानत नहीं ले पाते हैं तो उन्हें जेल जाना पड़ सकता है।
Khan Sir Arrest LIVE: फायरिंग केस में गिरफ्तार हो सकते हैं खान सर
Khan Sir Arrest LIVE: पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर रौशन सर की ज्ञान बिंदु एकेडमी से हुए बवाल में नया मोड़ आया है। फायरिंग करते हुए वीडियो सामने आने के बाद कल पटना पुलिस ने खान सर के दो बॉडीगार्ड को गिरफ्तार कर लिया था। अब इस मामले में खान सर उर्फ फैजल खान को भी नामजद कर दिया गया है। खान सर किसी भी समय गिरफ्तार किए जा सकते हैं। उन पर हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं। आरोप है कि गार्ड के फायरिंग करते समय खान सर वहां मौजूद थे।