कोसी नदी के जलस्तर में वृद्धि से कपसिया (मधेपुरा) - वीरवास (खगड़िया) के बीच निर्मित पीपा पुल के दक्षिणी छोर का हिस्सा धंसा , आवागमन ठप
कोसी नदी के जलस्तर में वृद्धि से कपसिया (मधेपुरा) - वीरवास (खगड़िया) के बीच निर्मित पीपा पुल के दक्षिणी छोर कोसी नदी के जलस्तर में वृद्धि से कपसिया (म

खगड़िया, हिन्दुस्तान संवाददाता जिले के गोगरी प्रखंड अंतर्गत पसराहा थाना क्षेत्र में कोसी नदी के जलस्तर में हुई अचानक वृद्धि से ऐतिहासिक कपसिया-बीरवास पीपापुल के दक्षिण छोर का एक बड़ा हिस्सा गुरुवार को पानी में धंस गया। जिससे खगड़िया सहित, मधेपुरा, सहरसा व भागलपुर जिले का आवागमन का संपर्क भंग हो गया। नदी की तेज लहरों के सामने पुल के एक तरफ का हिस्सा टिक नहीं सका और वह देखते ही देखते नदी के आगोश में समा गया। उल्लेखनीय है कि इसी साल 28 जनवरी को बड़े अरमानों के साथ इस पुल का उद्घाटन किया गया था। यह पुल महज कुछ ही महीनों में जवाब दे गया, जिससे अब इलाके में आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। इस हादसे ने न सिर्फ खगड़िया बल्कि मधेपुरा, सहरसा और भागलपुर जिलों की रफ्तार पर भी ब्रेक लगा दिया है।
पुल के धंसने का कारण
जिले के गोगरी प्रखंड अंतर्गत पैकांत मुखिया सिंकू पासवान, देवठा पंचायत के मुखिया आलोक कुमार,पूर्व मुखिया क्षत्री शर्मा, सिकंदर शर्मा आदि ने कहा कि पुल के दक्षिणी हिस्से के मुहाने का फाउंडेशन नदी के कटाव के कारण धंस गया। इस संकट पर उन्होंने गहरी चिंता जताते हुए कहा कि यह पीपा पुल इस पूरे क्षेत्र की लाइफलाइन था। जिसके दक्षिणी छोर के मुहाने का हिस्सा धंसने से चारों जिलों का सीधा संपर्क पूरी तरह कट गया है। यह पुल मधेपुरा जिले के आलमनगर प्रखंड और खगड़िया जिले के गोगरी प्रखंड को जोड़ता है। अब स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों के सामने आवाजाही का एक बहुत बड़ा संकट खड़ा हो गया है। लोग जान जोखिम में डालकर नाव से आवागमन करने को मजबूर हो गए हैं। वही आसपास के किसानों को मक्के की फसल को मंडी तंक पहुंचाना दुष्कर हो गया है। पीपापुल टूटने की जानकारी पर प्रशासन और विभागीय टीम इस बड़ी लापरवाही और हादसे के बाद हरकत में आई। फिलहाल प्रशासनिक अमला जल्द से जल्द इस अहम मार्ग को बहाल करने की जद्दोजहद में जुट गया है, ताकि लोगों को भीषण परेशानी से निजात मिल सके। वही विभागीय जानकारी के अनुसार नदी के जलस्तर में वृद्धि के बाद अगले 15 जून को पीपा पुल को हटा लिया जाना था। इससे पहले पुल के धंसने की घटना ने अधिकारी को सकते में डाल दिया है। वही आवागमन में नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच गंभीर संकट पैदा कर दिया है। पीपा पुल टूटने की सूचना पर गोगरी एसडीओ संजय कुमार व बीडीओ रघुनन्दन आनंद जायजा लेने रवाना हो गए हैं।
मरम्मत का कार्य
बोले सुपरवाइजर :
नदी में धंसे हिस्से को सुरक्षित बाहर निकालने को लेकर युद्धस्तर पर मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। विभाग ने इस पीपापुल को हर हाल में दुरुस्त कर आवागमन जल्द चालू करने का निर्देश दिया है। क्योंकि मानसून की तय गाइडलाइन के तहत 15 जून को इस अस्थायी पुल को हटा लिया जाना है।
पवन कुमार, पीपा पुल सुपरवाइजर।
अधिकारी की प्रतिक्रिया
बोले अधिकारी :
घटना की विभागीय पदाधिकारी से जानकारी ली गई है। जल्द दुरुस्त कर आवागमन बहाल किया जाएगा। जिससे लोगों को अधिक परेशानी नहीं हो। दूसरी तरफ कपसिया की ओर से भी आवागमन रोक दिया गया है।
संजय कुमार, एसडीओ, गोगरी, खगड़िया।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


