Khagaria News: सेवा संकल्प अभियान को लेकर नोडल पदाधिकारियों को जिम्मेवारी
Khagaria News: सेवा संकल्प अभियान को लेकर नोडल पदाधिकारियों को जिम्मेवारीसेवा संकल्प अभियान को लेकर नोडल पदाधिकारियों को जिम्मेवारीसेवा संकल्प अभियान को लेकर नोडल पद

Khagaria News: खगड़िया, नगर संवाददाता। आगामी 17 सितंबर से शुरु होने वाले सेवा संकल्प अभियान के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। बिहार सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग एवं कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के आलोक में यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक जिले में संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा एवं समर्पण तथा विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प से आमजनों को जोड़ना है। अभियान के तहत जिले में सेवा, जनभागीदारी, सांस्कृतिक गतिविधियों, नवाचार एवं जनकल्याण से संबंधित 11 प्रमुख गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के सुचारू, प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है。
अभियान के क्रियान्वयन के लिए वरीय प्रभारी होंगी डीडीसी:
अभियान के जिला स्तरीय प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन का वरीय प्रभार की जिम्मेवारी डीडीसी श्रेया श्री को दी गई है। उनके सहयोग के लिए वरीय उप समाहत्र्ता प्रवीण कुमार, अवर निर्वाचन पदाधिकारी अविनाश कुमार एवं सहायक योजना पदाधिकारी नित्यानंद किशोर को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अलग अलग 11 गतिविधियों के माध्यम से क्रियान्वित होगा अभियान:
अभियान के तहत ‘सेवा चित्र’ के अंतर्गत जिले के सरकारी एवं निजी स्कूलों एवं कॉलेजों में विकसित भारत एवं 25 वर्षों के सेवा कार्य विषय पर ड्रॉइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं सेवा स्मरण के तहत संगीतमय एवं नुक्कड़ नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से सेवा एवं जनजागरूकता का संदेश दिया जाएगा। आंगन का मिलन के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर माताओं एवं बच्चों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। कहानी बदलाव की के माध्यम से विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं से हुए वास्तविक बदलाव की सफलता की कहानियां एवं लघु वीडियो संकलित किए जाएंगे।
निकलेगी सेवा ज्योति यात्रा:
इस अभियान के तहत सेवा ज्योति यात्रा के तहत जिला, प्रखंड, पंचायत एवं ग्राम स्तर पर सांस्कृतिक सहभागिता के साथ पदयात्रा एवं साइकिल यात्रा आयोजित की जाएगी। सेवा मेरा योगदान के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा सेवा गतिविधियां, श्रमदान एवं प्रत्यक्ष दृश्य परिवर्तन वाले कार्य कराए जाएंगे। वहीं सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार का आयोजन 6 अक्टूबर को किया जाएगा। इसके माध्यम से नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, पात्रता, आवेदन एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
सेवा के रंग रंगोली कार्यक्रम भी होंगे आयोजित:
अभियान के दौरान सेवा के रंग-रंगोली/ भारत मंडला, हैकाथॉन एवं इनोवेशन चैलेंज, जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट तथा 25 साल, 25 कहानियां-नेशनल अनबॉक्सिंग जैसी गतिविधियां भी अभियान का हिस्सा होंगी। इधर डीएम विक्रम विरकर द्वारा सभी नामित नोडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने कार्यक्रमों की विस्तृत जिला स्तरीय कार्ययोजना तीन दिनों के भीतर तैयार कर प्रस्तुत करें। सभी संबंधित विभागों, अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं स्थानीय निकायों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित करते हुए गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।

