ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार खगड़ियाकड़ी सुरक्षा के बीच आज मनेगी बकरीद

कड़ी सुरक्षा के बीच आज मनेगी बकरीद

बकरीद पर्व को लेकर जिले में सुरक्षा के कड़े बंदोवस्त किये गये हैं। 127 जगहों पर दंडाधिकारी व पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इधर बकरीद पर्व को लेकर रविवार को बाजार गुलजार रहा। सुबह से ही...

कड़ी सुरक्षा के बीच आज मनेगी बकरीद
हिन्दुस्तान टीम,खगडि़याMon, 12 Aug 2019 12:47 AM
ऐप पर पढ़ें

बकरीद पर्व को लेकर जिले में सुरक्षा के कड़े बंदोवस्त किये गये हैं। 127 जगहों पर दंडाधिकारी व पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इधर बकरीद पर्व को लेकर रविवार को बाजार गुलजार रहा। सुबह से ही बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सर्वाधिक बिक्री सेवाईयों की हुई।

शहर के इमामबाड़ा चौक समेत विभिन्न जगहों पर सेवईयों की दुकानें सजी हुई थीं। लोग सामानों की खरीदारी अपनी जरूरत के हिसाब से करने में जुटे हुए थे। दुकानदार मो. अजमत व सदाब ने बताया कि पर्व को लेकर सेवईयों का पूरा स्टॉक कर रखे हैं। सेवईयां अस्सी से लेकर सौ रुपए प्रति किलो की दर से बिक रहा था। हालांकि सेवईयों की अलग-अलग वेराइटी की कीमत निर्धारित की गई थी। इधर खरीदारी करने आए मो. राजा, फिरोज, इबरान आलम, मो. हमजाह व मो. बिलाल, मो. शहाब, मो. अमर आदि ने बताया कि पर्व को लेकर पिछले कई दिनों से वे लोग तैयारी कर रहे हैं।

जगह-जगह दंडाधिकारी तैनात: बकरीद पर्व को लेकर डीएम अनिरुद्ध कुमार व एसपी मीनू कुमारी ने संयुक्त आदेश जारी कर 127 जगहों पर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी को तैनात किया है। बकरीद पर्व को लेकर सभी थानाध्यक्षों को नियमित रूप से गश्ती तेज करने का निर्देश दिया गया है। वहीं अफवाह फैलाने वालों पर भी नजर रखने का आदेश जारी किया गया है। इसके साथ ही अश्रु गैस के दस्ता को भी तैनात किया गया है। दोनों एसडीओ दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों पर नजर रखेंगे। जिले में विधि व्यवस्था के वरीय प्रभार में एडीएम शत्रुंजय मिश्रा व मुख्यालय डीएसपी अमरकांत झा होंगे।

सोशल मीडिया पर रहेगी नजर : जिला प्रशासन बकरीद पर्व को लेकर सोशल मीडिया पर भी पैनी निगाह रखेगी। इसके लिए अधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों की टीम व्हाटसप, फेसबुक, ट्विटर पर नजर रखेंगे। जिससे किसी भी प्रकार की अफवाह नहीं फैलाई जाय।

नियंत्रण कक्ष की स्थापना : बकरीद पर्व को लेकर नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। जिला नियंत्रण कक्ष का टेलीफोन नंबर 06244-222384 होगा। इसके वरीय प्रभार में डीपीआरओ संजय वर्मा होंगे। वहीं गोगरी अनुमंडल के नियंत्रण कक्ष का नंबर 06245-211321 होगा। इसके वरीय प्रभार में ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता होंगे। नियंत्रण कक्ष 11 अगस्त से ही कार्यरत रहेगा।

सात बजे सुबह पढ़ी जाएगी नमाज : जामा मस्जिद के इमाम मुफ्ती मुजाहिदुल इस्लाम कासमी ने बताया कि बकरीद को लेकर शहर के ईदगाह में सुबह के सात बजे नमाज अदा की जाएगी। जामा मस्जिद में सुबह के 7:30 मिनट पर नमाज अदा किए जाएंगे। अन्य मस्जिदों में भी निर्धारित समय पर नमाज अदा किए जाएंगे। सोमवार को सावन की अंतिम सोमवारी व बकरीद पर्व एक साथ होने को लेकर भी पुलिस अलर्ट है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें