Khagaria News: खगड़िया में 31 अगस्त को लगेगा एक दिवसीय नियोजन- सह- व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला, युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर
Khagaria News: खगड़िया में 31 अगस्त को लगेगा एक दिवसीय नियोजन- सह- व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला, युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर

Khagaria News: खगड़िया । हिन्दुस्तान संवाददाता बिहार सरकार के श्रम संसाधन विभाग के अंतर्गत नियोजन एवं प्रशिक्षण निदेशालय के तत्वावधान में जिला नियोजन कार्यालय, खगड़िया द्वारा आगामी 31 अगस्त को एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन- सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला नियोजन पदाधिकारी अंकिता ने मंगलवार को बताया कि यह मेला कोशी कॉलेज, खगड़िया के प्रांगण में आयोजित होगा। मेले का मुख्य उद्देश्य जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें निजी क्षेत्र में रोजगार के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना है। मेले में स्थानीय नियोजकों के साथ-साथ बिहार एवं देश के अन्य राज्यों से प्रतिष्ठित निजी क्षेत्र की कंपनियों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
विभिन्न कंपनियों द्वारा अपनी आवश्यकता के अनुसार योग्य अभ्यर्थियों का प्रत्यक्ष चयन किया जाएगा। जिला नियोजन कार्यालय ने जिले के अधिक से अधिक बेरोजगार युवक-युवतियों से नियोजन मेले में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इच्छुक अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर मेला स्थल पर पहुंचकर रोजगार के अवसर का लाभ उठा सकते हैं। मेले के व्यापक प्रचार- प्रसार के लिए संबंधित स्तर पर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि जिले के अधिक से अधिक युवा इस रोजगारपरक पहल से जुड़ सकें और उन्हें अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिल सके। साथ ही युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाने के लिए 31 अगस्त को शहर के कोशी कॉलेज, खगड़िया में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित हों।


